गढ़वा में एक ट्रैक्टर अवैध खैर की लकड़ी जब्त, सरगना समेत 3 गिरफ्तार Garhwa News
Jharkhand. पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बेलचंपा में एक ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध खैर की लकड़ी को कुछ लोग तस्करी कर ले जा रहे हैं। तस्करों का सरगना निसार अली हरियाणा निवासी है।
गढ़वा, जासं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आलोक में बुधवार की देर शाम गढ़वा-रेहला मुख्य पथ के बेलचंपा में स्थित बिरला एस ब्रिक्स फैक्ट्री के निकट छापेमारी कर बिना नंबर के महेंद्रा ट्रैक्टर से ले जाए जा रहे अवैध खैर की लकड़ी को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से लकड़ी तस्कर गिरोह के सरगना ग्राम मानकपुर, पोस्ट ललहारी कला, थाना छछरोली यमुनानगर, हरियाणा निवासी निसार अली, पिता स्व. फतैही खान, इसका सहयोगी उत्तर प्रदेश के हुजीपुरवा, थाना हरैया सतधरवा, जिला बलरामपुर निवासी खलील साह, पिता हुसैन मोहम्मद साह तथा ट्रैक्टर चालक गढ़वा थाना के गुर्दी निवासी राकेश उरांव पिता सूर्यदेव उरांव को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सदर थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली कि बेलचंपा में एक ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध खैर की लकड़ी को कुछ लोग तस्करी कर ले जा रहे हैं। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने छापेमारी का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक श्रवण कुमार थाना के अन्य जवानों के साथ बेलचंपा पहुंचे और छापेमारी की।
इन्होंने बताया कि ट्रैक्टर पर 63 पीस खैर का बोटा लोड कर उक्त आरोपियों द्वारा ले जाया जा रहा था। तीनों को मौके पर गिरफ्तार करते हुए ट्रैक्टर समेत खैर की लकड़ी को जब्त कर थाना ले आया गया। इन्होंने कहा कि लकड़ी तस्करों के सरगना निसार अहमद से कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके आलोक में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही ट्रैक्टर मालिक की पहचान कर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।