शिविर में 175 श्रमिक का किया गया निबंधन
संवाद सहयोगी गढ़वा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना को लेकर श्रमिक निबंधन शिविर लगाया गया है।
संवाद सहयोगी, गढ़वा : सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना को ले श्रमिक निबंधन शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर सात स्थित नरगीर आश्रम में किया गया। इसमें 175 श्रमिकों का निबंधन श्रम विभाग के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि कंचन कुमार साहू की उपस्थिति में लगाए गए इस शिविर में असंगठित मजदूरों का निबंधन कराया गया। ताकि इन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना का लाभ मिल सके। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू ने कहा कि सरकार की योजनाएं घर घर पहुंचे इसके लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाया जा रहा है। असंगठित मजदूरों के लिए झारखंड असंगठित, सन्निर्माण कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू की गई है। इसके तहत नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में शिविर लगाया जाएगा तथा असंगठित मजदूरों का निबंधन होगा। इसके लिए झामुमो कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों को जागरूक भी कर रहें हैं। वार्ड सात में लगाए गए शिविर में 175 ठेला, रेहड़ी, नाई, आटो रिक्शा चालक आदि का निबंधन कराया गया। इस योजना के माध्यम से निबंधित श्रमिकों के बच्चों को कक्षा एक से स्नातक तक छत्रवृति, प्रसूति के समय 15 हजार रुपये ,मृत्यु होने पर आश्रित को 25 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। वार्ड पार्षद विनोद प्रसाद ने कहा कि लोगो के घर घर जाकर शिविर के बारे में जानकारी दी गई है। लोग निबंधन कराकर सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं। मौके पर श्रम विभाग कर्मी रामनाथ सिंह, मनोज शर्मा, अनिरुद्ध शरण,टूना पंडित आदि उपस्थित थे।