किशोरी से दुष्कर्म कर जहर पिलाया, हालत गंभीर
Misbehavior with Teenager in Jharkhand. झारखंड के गढ़वा में किशोरी से दुष्कर्म कर जहर पिलाने का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। किशोरी को घर में अकेला पाकर गांव के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर मामले पर पर्दा डालने की नीयत से किशोरी को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना शुक्रवार की रात पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के बिरजा गांव में घटित हुई है।
घटना के समय किशोरी के माता-पिता अपने रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में भाग लेने गए थे। किशोरी के साथ उसका आठ वर्षीय भाई घर में था। परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे सुरेंद्र चौधरी के पुत्र प्रदीप चौधरी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद सल्फास पाउडर का घोल उसके मुंह में डाल दिया। इसके बाद वहां से भाग गया। कुछ ही देर में किशोरी की स्थिति बिगड़ने लगी।
तब उसने अपने अभिभावकों को मोबाइल से फोन कर घटना के बारे में बताया। इसके पश्चात उसके पिता आनन-फानन घर पहुंचे। फिलवक्त किशोरी का इलाज सदर अस्पताल गढ़वा में चल रहा है। इलाज से उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर गढ़वा पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंच कर किशोरी की मेडिकल जांच कराकर छानबीन शुरू कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप