अवैध महुआ शराब बनाते चार महिलाएं गिरफ्तार, गईं जेल
संवाद सूत्र श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोटरे के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाया गया अभियान।
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोटरे के निर्देश पर गुरुवार की देर शाम पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण व बिक्री के खिलाफ थाना प्रभारी लाल बिहारी प्रसाद के नेतृत्व में पुरैनी गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अवैध महुआ शराब निर्माण में जुटी चार महिलाओं को गिरफ्तार कर शुक्रवार को गढ़वा जेल भेज दिया। छापेमारी में पुलिस ने 38 लीटर अवैध महुआ शराब, 50 किलोग्राम जावा महुआ व शराब बनाने का उपकरण बरामद किया। जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। गिरफ्तार महिलाओं में आशा देवी पति पिटू राम, मूर्ति देवी पति सीताराम, प्रतिमा देवी पति अजय राम व प्रभादेवी पति सुनील राम का नाम शामिल है। थाना प्रभारी लाल बिहारी प्रसाद ने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब का कारोबार फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। अवैध महुआ शराब निर्माताओं व विक्रेताओं के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। छापेमारी दल में प्रशिक्षु दरोगा विक्की कुमार, सुनील कुमार दास सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।