डीडब्ल्यूएसओ ने किशोरी के मामले की ली जानकारी
बच्ची से दुष्कर्म मामले की ली जानकारी
गढ़वा: जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शालिनी विजय ने सोमवार को सदर अस्पताल पहुंच कर इलाजरत किशोरी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किशोरी से उसके साथ घटित घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही सदर अस्पताल में कराए गए उसके मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट का अवलोकन किया। बताते चलें कि गुरुवार की रात सदर थाना क्षेत्र की एक किशोरी को सदर अस्पताल में घायलावस्था में पुलिस द्वारा भर्ती कराया गया था। उसके साथ मारपीट होने के साथ ही कथित दुष्कर्म होने की चर्चा थी। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि पोस्को एक्ट के तहत मुआवजे के लिए रिपोर्ट को लेकर वे सदर अस्पताल में किशोरी के बारे में जानकारी लेने आई थीं। उन्होंने बताया कि उक्त किशोरी के साथ मारपीट किए जाने तथा सड़क पर घसीटे जाने जैसी घटना घटित हुई है। उन्होंने बताया कि किशोरी को एक लड़का व उसकी बहन अपने कमरे में बुलाए थे। वहां भोजन में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया गया। किशोरी ने उन्हें बताया है कि उसके बाद उसके साथ क्या घटना हुई, उसे मालूम नहीं है।