भर्ती कैंप में 15 बेरोजगारों को मिला नियुक्तिपत्र
गढ़वा : जिला नियोजन कार्यालय की ओर से रविवार को नियोजन कार्यालय परिसर में भर्ती कैंप लगाया गया।
गढ़वा : जिला नियोजन कार्यालय की ओर से रविवार को नियोजन कार्यालय परिसर में भर्ती कैंप लगाया गया। जिसमें से 15 बेरोजगार युवकों का चयन कर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जबकि 115 आवेदकों का चयन साक्षात्कार के लिए किया गया है। साक्षात्कार के उपरांत इनकी नियुक्ति विभिन्न पदों पर की जाएगी। भर्ती कैंप में कुल 224 बेरोजगार युवक युवतियों ने आवेदन किया था। चयनित युवक युवतियों को नियुक्ति पत्र जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभाग ने भर्ती कैंप लगाया था। जिसमें वनांचल एजुकेशनल एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट, एक्सजेन एक्वा प्राइवेट लिमिटेड मिर्जापुर, माइल स्टोन इंडस्ट्रीज सिक्यूटरी सेफ्टी प्राइवेट लिमिटेड, रांची की कंपनी के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। वनांचल एजुकेशनल एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट ने 10 बेरोजगार युवक, युवती का चयन किया है तथा एक्सजेन एक्वा प्राईवेट लिमिटेड ने 5 का चयन किया। चयनित बेरोजगारों की नियुक्ति, कंप्यूटर आपरेटर, सेल्स मैन, वाहन चालक, सुरक्षा प्रहरी आदि पदों पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी 1 जुलाई को भी भर्ती कैंप लगाया जाएगा। इसमें सुजूकी मोटर्स ने शामिल होने की स्वीकृति दी है। शिविर को सफल बनाने में नवनीत कुमार, रवि कुमार, शंभू राम आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।