तेज धूप और लू से जीना हुआ मुहाल
गढ़वा : जिले का अधिकतम तापमान सोमवार को 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25
गढ़वा : जिले का अधिकतम तापमान सोमवार को 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। 44 डिग्री सेल्सियस के तापमान ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जिले में सुबह 9 बजे से ही कड़ी धूप निकल जा रही है। चिलचिलाती धूप ने लोगों का जन जीवन प्रभावित कर दिया है। दोपहर में तो सूर्य अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। इस कारण लोग दोपहर में धूप में निकलने से बच रहे हैं। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग शरीर को कपड़े से ढंककर घर से बाहर निकल रहें हैं। शाम होने के बाद भी लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी ने लोगों की रातों की नींद भी चुरा ली है। बिजली नहीं रहने पर लोग करवट बदल बदल कर रात गुजार रहें हैं। - भले ही बिजली नहीं मिले, मगर समय से मिल जाता है बिल
गढ़वा : जिले में बिजली आपूर्ति का हाल बदहाल है। लोगों को 24 घंटे में 6 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। कभी उत्तर प्रदेश के सोननगर ग्रिड से बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है तो कही बिहार के सोननगर से। विगत सात दिनों से अनियमित विद्युत आपूर्ति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति ऐसी बन गई है कि दस मिनट बिजली रहती है और इसके बाद कट जाती है। लोग पानी की टंकी में पानी भी नहीं चढ़ा पा रहे। मोबाइल व इंवर्टर डिस्चार्ज हो जा रहे हैं। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। बावजूद इसके विद्युत आपूर्ति में सुधार की दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। कुल मिलाकर बिजली की स्थिति भगवान भरोसे हैं। लोगों का कहना है कि जिले में बिजली भले ही नहीं रहती हो। मगर बिजली बिल समय से आ जाता है। बगैर बिजली के ही यहां के लोग बिजली बिल का भुगतान कर रहें हैं। बिजली नहीं रहने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।