राज्य की भाजपा सरकार से जनता परेशान : माले
भाजपा सरकार में देश की जनता पर हो रहा चौतरफा हमला: फोटो, प्रतिवाद मार्च में शामिल भाकपा माले के लोग:
श्री बंशीधर नगर: भाकपा माले अनुमंडल कमेटी के तत्वाधान में बुधवार को भूमि लूट एससी-एसटी, ओबीसी के आरक्षण को खत्म करने के खिलाफ व संविधान की रक्षा हेतु अनुमंडल कार्यालय पर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व प्रदर्शनकारी गोसांईबाग मैदान से प्रतिवाद मार्च निकालकर राष्ट्रीय राजमार्ग 75 से चेचरिया बस स्टैंड अहिपुरवा मोड़, हेन्हो मोड़ होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचे प्रदर्शन के बाद अंबालाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर सभा किया गया। जिला सचिव कालीचरण मेहता ने कहा कि आज देश की जनता पर चौतरफा हमला मोदी-रघुवर सरकार में किया जा रहा है। बेरोजगारी दर 6.1 प्रतिशत बढ़ गई है। किसानों की आत्महत्या मोदी के शासन में बढ़ी है। मजदूर तबका सबसे ज्यादा तबाह है। श्रम का शोषण किया जा रहा है। देश के मजदूर आन्दोलन को लाठी गोली से दबाया जा रहा है। विरोध की तमाम आवाजों को कुचला जा रहा है। तमाम कल्याणकारी योजनाएं लूट का भेंट चढ़ रही हैं। रघुबर सरकार गरीबों से जमीन छीनकर भूमि बैंक में जमा कर कॉरपोरेट घराना को दे रही है और मोटी रकम कमीशन खा रही है। इनके मंत्री भी सवाल उठाने लगे हैं। कामेश्वर विश्वकर्मा ने कहा कि पूरे अनुमंडल में जो गरीब जिस जमीन पर काबिज हैं, उन्हें रघुवर-मोदी की भाजपा सरकार उजाड़ कर जमीन हड़पने का अभियान चला रखी है। इस सरकार को आनेवाले चुनाव में किसान मजदूर महिलाएं, छात्र नवजवान करारा जवाब देंगे। सभा की अध्यक्षता रउफ हसन काजमी ने किया। सभा को गणेश बैठा, लालमुनी गुप्ता, महेंद्र ¨सह, राजेन्द्र विश्वकर्मा, बिरझन भुइंया आदि ने संबोधित किया।