जिले में सुखाड़ को लेकर कराया जाएगा सर्वे
- जिले से भी जाएगी शहीद ग्राम की मिटटी - मुख्य सचिव के साथ बैठक में लिए गए निर्णय से उपायुक्त हर्ष मंगला ने कराया अवगत फोटो- जीएआरपी- 1
गढ़वा : मुख्य सचिव के साथ रांची में आयोजित विभिन्न जिलों के उपायुक्तों के साथ हुई बैठक गढ़वा के डीसी भी शामिल हुए। बैठक में गढ़वा जिले से संबंधित कई निर्णय लिए गए हैं। मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने गढ़वा जिले में अल्पवर्षा के कारण उत्पन्न सुखाड़ की स्थिति पर चर्चा की। डीसी से जानकारी ली। इसके बाद मुख्य सचिव ने सुखाड़ को लेकर सर्वे कराए जाने का निर्देश दिया है ताकि सर्वें के माध्यम से सुखाड़ से हुई क्षति का आकलन किया जा सके। इसके बाद सरकार क्षति के अनुसार किसानों को मदद करेगी। बैठक में हुई चर्चा के बारे में उपायुक्त हर्ष मंगला ने बताया कि सुखाड़ को लेकर जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा। संबंधित पदाधिकारी को सर्वे कराने का निर्देश दिया जाएगा। डीसी ने बताया कि रांची में बन रहे बिरसा मुंडा म्यूजियम में शहीद बिरसा मुंडा की सौ फीट ऊंची प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रतिमा निर्माण के लिए सभी जिलों से शहीद ग्राम की मिंट्टी लाई जा रही है। गढ़वा जिले के शहीदों के गांव से भी मिंट्टी रांची भेजी जाएगी। जिससे शहीदों को सम्मान दिया जा सके। सरकार शहीदों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बैठक में सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए पोशाक वितरण के संबंध में भी निर्णय लिया गया है। निर्णय के अनुसार अब सखी मंडलों के माध्यम से विद्यालयों में पोशाक की आपूर्ति की जाएगी। पोशाक बनाने की जिम्मेदारी महिला समूहों को दी जाएगी।