धान खरीद की सुस्त रफ्तार से किसान चितित
श्री बंशीधर नगर में सरकारी स्तर पर धान खरीद की सुस्त रफ्तार से किसान चिंतित हैं।
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर(गढ़वा): श्री बंशीधर नगर में सरकारी स्तर पर धान खरीद की सुस्त रफ्तार से प्रखंड के किसान काफी चितित है। जिस गति से श्री बंशीधर नगर में धान की खरीद हो रही है उससे नहीं लगता की एक वर्ष में भी सभी किसानों का धान खरीद हो पाएगा। प्रखंड में कुल 1010 निबंधित किसान हैं, जबकि प्रति दिन मात्र पांच किसानों का ही धान खरीद हो पा रही है। यदि बिना किसी बंदी के प्रतिदिन अनवरत भी धान की खरीद होगी तब भी पूरे प्रखंड के किसानों का धान खरीद करने में 202 दिन लगेंगे। जबकि नियमानुसार अप्रैल तक ही धान की खरीद होती है। वैसे भी सप्ताह में मात्र 4 दिन सेंटर खुलता है शेष दो दिन यहीं के कर्मी रमना प्रखंड में धान की खरीद करते हैं। श्री बंशीधर नगर में 29 दिसंबर को धान क्रय केंद्र खोला गया है। क्रय केंद्र खुलने के बाद से अब तक 10 दिनों में मात्र 18 किसानों से 1420 क्विटल धान की खरीद हो पाई है। जबकि 60 किसानों को मैसेज भी भेजा जा चुका है। जिन किसानों का शुरुआती दौर में नंबर है उन किसानों को थोड़ी बहुत उम्मीद लग रहा है कि उनका धान खरीद हो जाएगा। वहीं जिनका नंबर 300 के ऊपर है वैसे किसान काफी चितित है की इस गति से तो हम न घर के रहेंगे न घाट के क्योंकि मार्च के बाद तो आढ़ती भी धान की खरीद बंद कर देते हैं। ऐसे में यदि सरकारी केंद्र में किसानों के धान की खरीद नहीं हो पाई तो किसान कहीं के नही रह जाएंगे। किसान रविद्र देव, संजय सिंह, हृदय नाथ चौबे आदि ने कहा की इस वर्ष एक तो केंद्र काफी विलंब से खुला है। साथ सप्ताह में दो दिन की कटौती भी कर दी गई है। ऐसे सभी किसानों का धान खरीद हो पाना काफी मुश्किल है। किसानों ने नियमित क्रय केंद्र खोलने एवं खरीद की रफ्तार बढ़ाने की मांग उपायुक्त से की है।
------------
हमलोगों को ही सप्ताह में दो दिन रमना धान क्रय केंद्र भी खोलना पड़ता है। इस वजह से श्री बंशीधर नगर में मात्र चार दिन ही धान का खरीद हो पाता है। वैसे भी हम लोगों का लक्ष्य है की सभी किसानों का धान खरीद हो जाए। दीपक कुमार चौबे
क्रय केंद्र प्रभारी
श्री बंशीधर नगर।