विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में जमीन हड़पने की नीयत से भतीजे ने की चाचा की हत्या, शव मकई के खेत में फेंका

Published: Thu, 27 Aug 2026 09:31 AM (GMT+05:30)

गढ़वा पुलिस ने डंडई थाना क्षेत्र में रजिंद्र यादव की हत्या का खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद और संपत्ति ...और पढ़ें

जानकारी देते एसडीपीओ दिलु लोहार एवं अन्य। जागरण

जानकारी देते एसडीपीओ दिलु लोहार एवं अन्य। जागरण

HighLights

  1. रजिंद्र यादव की हत्या का गढ़वा पुलिस ने किया खुलासा।

  2. भतीजा और मां गिरफ्तार, शव मकई के खेत में मिला।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। पुलिस ने डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव में मक्का के खेत में संदेहास्पद स्थिति में मिले रजिंद्र यादव के शव के मामले का खुलासा कर लिया है। दरअसल, जमीन के विवाद और संपत्ति हड़पने की नीयत से उसकी हत्या कर दी गई थी और शव को मकई के खेत में फेंक दिया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपी भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसकी जानकारी गढ़वा के एसडीपीओ दिलु लोहार ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

एसडीपीओ ने बताया कि गत 24 अगस्त की शाम करीब 5 बजे डंडई थाना पुलिस को सूचना मिली कि करके गांव के यादव टोला स्थित मकई के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान गांव के ही रजिन्द्र यादव उर्फ बुगी (पिता मिसिर यादव) के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा शव के निरीक्षण के दौरान उसके सिर के पीछे और पैर में गंभीर चोट व बहते खून के निशान पाए गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गढ़वा में पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में मृतक के साला रमना थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी बिगन यादव के बयान पर डंडई थाना में कांड संख्या 110/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गढ़वा के पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ गढ़वा दिलू लोहार के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस ने डाग स्क्वायड की भी मदद ली। खोजी कुत्ता ने भी मकई लगे के खेत से आरोपित के घर में घुस गया।

पुलिस ने 25 अगस्त को संदेह के आधार पर मृतक के 20 वर्षीय भतीजे मुन्नू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुन्नू यादव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक रजिन्द्र यादव का अपने बड़े भाई कन्हाई यादव, भतीजे मुन्नू यादव और भाभी मिला देवी के साथ आए दिन जमीन विवाद को लेकर झगड़ा और मारपीट होती रहती थी।

मुन्नु यादव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके चाचा रजिन्द्र यादव बिना बंटवारा किए ही जमीन बेचे जा रहे थे। चूंकि चाचा की केवल दो बेटियां थीं, इसलिए पूरी जमीन हड़पने की नीयत से उसने चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को मकई के खेत में फेंक दिया।

आरोपितों के अनुसार, 24 अगस्त को राजिंद्र यादव शराब के नशे में धुत होकर घर आया था। आरोपितों ने पहले उसका की-पैड मोबाइल छीना और फिर गला दबाकर हत्या कर दिया। उसी रात घर के बगल में मकई के खेत में शव को फेंक दिया। इस पूरी साजिश और साक्ष्य छिपाने में मिला देवी ने भी पूरा सहयोग किया था।

पुलिस ने आरोपी भतीजे मुन्नू यादव की निशानदेही पर मकई के खेत से मृतक रजिन्द्र यादव का एचएमडी कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपित का एक रेडमी मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्नू यादव (20 वर्ष) और उसकी मां मिला देवी (41 वर्ष) दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस सफल छापामारी और उद्भेदन दल में गढ़वा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलू लोहार, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, डंडई थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अनिमेष शांतिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नवीन कुमार राणा तथा डंडई थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।