विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रैक पर रील, जिंदगी से 'खेल': ट्रेन की चपेट में आने से झारखंड की 19 साल की पूर्णिमा ने गंवाए दोनों हाथ

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:02 PM (IST)

गढ़वा में रेलवे ट्रैक पर रील बनाते समय एक 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसके ...और पढ़ें

ट्रेन की चपेट में आने से झारखंड की 19 साल की पूर्णिमा ने गंवाए दोनों हाथ

ट्रेन की चपेट में आने से झारखंड की 19 साल की पूर्णिमा ने गंवाए दोनों हाथ

HighLights

  1. रील बनाते समय युवती ट्रेन की चपेट में आई।

  2. हादसे में 19 वर्षीय पूर्णिमा के दोनों हाथ कटे।

  3. गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा रोड-चोपन रेलखंड पर गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबरइया गांव के समीप मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक युवती को बेहद भारी पड़ गया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती के दोनों हाथ कट गए, जबकि उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

घायल युवती की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

रील बनाने में मशगूल, नहीं दिखी ट्रेन

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरइया स्थित रेलवे ट्रैक के आसपास मोबाइल से रील बना रही थी। रील बनाने में मशगूल रहने के कारण वह ट्रैक पर आ रही ट्रेन को नहीं देख सकी।

शरीर से अलग हो गए दोनों हाथ

इसी दौरान वह रांची-चोपन ट्रेन की सीधी चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही युवती के दोनों हाथ शरीर से अलग हो गए और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।

दुर्घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को उठाया और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल के आपातकालीन सेवा में तैनात डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मची है।