रास्ते पर जल जमाव व नाली का पानी बहने से परेशानी
नगर उंटारी : नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 रक्सा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के निकट कच्ची सड़क
नगर उंटारी : नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 रक्सा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के निकट कच्ची सड़क पर जल जमाव व घरों के नाली का गंदा पानी बहने से राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से निजात के लिए लोगों को जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। पंचायती राज में भी समस्या का समाधान नहीं हुआ और न ही इस ओर विधायक, सांसद व इसके लिए जवाबदेह पदाधिकारी का ही ध्यान है। रक्सा के ग्रामीण कई बार इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, पूर्व व वर्तमान विधायक से लेकर सांसद तक गुहार लगा चुके हैं। समस्या समाधान के प्रति पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उदासीन बने हुए हैं। गांव के कुलदीप शर्मा, भरत प्रसाद साहू, महेश प्रसाद यादव, हरिवंश राम, बीरेंद्र राम, अशोक राम, अविनाश सहाय आदि ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 75 से रक्सा, लालाबागी हनुमान मंदिर व टीकर टोला होते हुए सूर्य मंदिर तक जाने वाले इस रास्ते में कई घरों के नाली के गंदा पानी का निकास सड़क पर ही है। इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय से ललित सहाय के घर तक सड़क कच्ची है। कई जगह वर्षा का पानी जम जाता है। वहीं नाली का गंदा पानी बहते रहता है। ग्रामीणों ने नगर पंचायत से इस समस्या से छूटकारा दिलाने की मांग की है।