बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार दो बच्चों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा घायल
संवाद सूत्र मेराल (गढ़वा) मेराल हाईस्कूल के सामने एनएच 75 पर श्रीबंशीधर नगर की ओर से ग
संवाद सूत्र, मेराल (गढ़वा) : मेराल हाईस्कूल के सामने एनएच 75 पर श्रीबंशीधर नगर की ओर से गढ़वा की ओर जा रहे एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छोटू कुमार 10 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साइकिल पर बैठा उसका साथी रौशन कुमार 11 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रौशन कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। उक्त घटना से गुस्साए लोगों ने करीब आधे घंटे तक एनएच 75 को जाम कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार, बीडीओ गौतम कुमार तथा अंचलाधिकारी यशवंत नायक घटनास्थल पर पहुंचे। बीडीओ ने मृतक के स्वजन को तत्काल 10 हजार रुपये देते हुए नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन के बाद सड़क जाम को लोग हटाने पर राजी हुए। गौरतलब हो कि जर्जर एनएच 75 सड़क पर आए दिन छोटी-बड़ी घटना घट रही है। जिसे लेकर लोगों के आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे सुबह साइकिल से मेराल हाईस्कूल के मैदान में जा रहे थे। छोटू साइकिल चला रहा था तथा रौशन कुमार पीछे बैठा हुआ था। इसी बीच पीछे से आ रही ट्रक ने साइकिल को अपने चपेट में ले लिया। हादसे में छोटू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि रौशन बुरी तरह जख्मी हो गया। सड़क हादसे की सूचना के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की वहां भीड़ जुट गई। मृतक छोटू कुमार के विषय में बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता प्रवासी मजदूर थे, जो मेराल में ही बस गए हैं। छोटू के पिता विगत कई वर्षों से फरार है, उसका कहीं अता-पता नहीं है। वह अपनी मां मां संगीता देवी के साथ रह रहा था।