रक्तदान के प्रति सभी को जागरूक होने की जरूरत
- सदर प्रखंड के कल्याणपुर में चलाया गया रक्तदाता जागरूकता अभियान े।
गढ़वा : सदर प्रखंड के कल्याणपुर में बुधवार को रक्तदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें बिहार के औरंगाबाद से आए रक्तदाता जागरूकता अभियान से जुड़े व रक्तदाता महाकुंभ के आयोजनकर्ता बमेंद्र कुमार सिंह ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे अच्छी सेवा कोई हो ही नहीं सकती है। यदि आप रक्तदान करते हैं तो इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। क्योंकि रक्त का कोई कारखाना या दुकान नहीं होता जहां से रक्त खरीदा या बनाया जा सके। रक्तदान के प्रति सभी को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 2016 में मैं इस अभियान से जुड़ा हूं तथा कई शहरों में रक्तमित्र बना चूका हूं। जो हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। ब्लड डोनेशन चेयरमैन कृत्यानंद श्रीवास्तव ने उपस्थित ग्रामीणों को रक्तदान से होने वाले फायदे से अवगत कराया तथा सभी को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सुभाष चंद्र, विवेकानंद तिवारी, अशोक चंद्रवंशी, विद्या सागर तिवारी, नवीन कुमार द्विवेदी, मनोज कुमार, सिराजुदीन अंसारी, सोएब खान, महेंद्र चौधरी, ओसियर खान, डा. संजय शर्मा आदि उपस्थित थे।