झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की पत्नी तेतरी देवी का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार
झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की पत्नी तेतरी देवी का निधन हो गया, जिससे विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र और ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की पत्नी तेतरी देवी का निधन। जागरण
HighLights
पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की पत्नी तेतरी देवी का निधन।
विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र और गढ़वा जिले में शोक की लहर।
संवाद सूत्र, मझिआंव (गढ़वा)। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सह झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की धर्मपत्नी तेतरी देवी की निधन हो गई। उनके निधन की खबर से विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र सहित गढ़वा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस दुखद समाचार मिलते ही विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह सहित विधानसभा क्षेत्र एवं गढ़वा जिले के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेतरी देवी की शुक्रवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के धुर्वा स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने तेतरी देवी के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। तेतरी देवी के निधन से उनके परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है।
17 अक्टूबर को रेहला में होगा अंतिम संस्कार
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, तेतरी देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 17 अक्टूबर को सुबह 9 बजे रेहला स्थित लक्ष्मी चंद्रवंशी महिला कॉलेज के सामने कोयल नदी तट पर किया जाएगा। शोकाकुल परिवार ने सभी सम्मानित जनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों से अंतिम संस्कार में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अनुरोध किया है।
दुख व्यक्त करने वालों में मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी, नगर मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार चंद्रवंशी, सांसद प्रतिनिधि भगवान दत्त तिवारी, संजय कमलापुरी, दीपक चौहान, पवन कुमार गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, प्रमोद यादव, बरडीहा सांसद प्रतिनिधि सतीश यादव, विनय यादव जोगेंद्र कुमार सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
