करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत, डेढ़ माह पहले अपने झुंड से गया था बिछड़
गढ़वा के विश्रामपुर में एक हाथी की मौत करंट लगने से हो गई। यह हाथी एक किसान के खलिहान में रखे धान के बोझा को खाने के लिए गया था।
गढ़वा, जेएनएन। गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र के विश्रामपुर में गुरुवार की देर रात करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विश्रामपुर मिशन मोड़ से नया टोली में 440 वोल्ट का नंगा तार एक खंभा के सहारे ले जाया गया है। करीब डेढ़ माह पूर्व अपने झुंड से बिछड़ा एक हाथी इस इलाके में घूम रहा था। यह हाथ जैसे ही पीटर खलखो नामक किसान के खलिहान में रखे धान के बोझा को खाने के लिए रास्ते से आगे बढ़ा, वैसे ही वह करंट की चपेट में आ गया। जिसकी वजह से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, इन्होंने इसकी सूचना वन कर्मियों को देकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। सूचना के आलोक में गढ़वा से वन अधिकारी विश्रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं। यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ कर करीब डेढ़ महीने से इसी क्षेत्र में घूम रहा था।