विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: 'यहां के कर्मी लापरवाह... ' BDO, CO का पद पड़ा प्रभार के भरोसे, काम के लिए भटक रहे आम लोग

By Deepak sinhaEdited By: Shashank Shekhar
Published: Sat, 09 Dec 2023 03:19 PM (IST)

गढ़वा में केतार प्रखंड प्रभार के बीडीओ एवं सीओ के भरोसे चल रहा। नतीजा बीडीओ एवं सीओ जैसे बड़े पद ...और पढ़ें

'यहां के कर्मी लापरवाह... ' BDO, CO का पद पड़ा प्रभार के भरोसे, काम के लिए भटक रहे आम लोग
'यहां के कर्मी लापरवाह... ' BDO, CO का पद पड़ा प्रभार के भरोसे, काम के लिए भटक रहे आम लोग

HighLights

  1. केतार के तत्कालीन सीओ मेघन महतो 11 मार्च 2022 का सेवानिवृत्त हो गए।
  2. तत्कालीन बीडीओ मुकेश मछुआ के पास सीओ का अतिरिक्त प्रभार रहा।

गोखुल कुमार, केतार (गढ़वा)। गढ़वा में केतार एक ऐसा प्रखंड है, जो प्रभार के बीडीओ एवं सीओ के भरोसे संचालित हो रहा है। नतीजा है कि बीडीओ एवं सीओ जैसे महत्वपूर्ण पद के प्रभार में होने के कारण प्रखंड के सात पंचायतों के लोगों का काम बस भगवान भरोसे हो रहा है।

मालूम हो कि केतार के तत्कालीन सीओ मेघन महतो 11 मार्च 2022 का सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्ति के बाद से तत्कालीन बीडीओ मुकेश मछुआ के पास सीओ का अतिरिक्त प्रभार रहा। इसी बीच 17 अक्टूबर 2023 को प्रोन्नति मिलने के बाद मुकेश मछुआ को सरकार ने अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति करते हुए उनका स्थानांतरण कर दिया।

क्या है पूरा मामला

इसके बाद से भवनाथपुर के बीडीओ नंदजी राम, केतार के बीडीओ एवं सीओ के अतिरिक्त प्रभार में हैं। चूंकि, मुकेश मछुआ के पास बीडीओ, सीओ के साथ-साथ प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी का भी प्रभार था। इसलिए, नंदजी राम केतार प्रखंड के एमओ एवं सीडीपीओ के भी अतिरिक्त प्रभार में हैं।

ऐसे में सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि अपने मूल प्रखंड भवनाथपुर के साथ-साथ केतार प्रखंड के बीडीओ, सीओ, एमओ एवं सीडीपीओ का प्रभार मिलने के बाद नंदजी राम केतार को कितना समय दे पाते होंगे।

लोगों को हो रही समस्याएं

उक्त सभी पदों के प्रभार में रहने के कारण प्रखंड के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के निराकरण कराने में सप्ताह भर का समय लग जाता है। प्रखंड के प्रभारी बीडीओ सह सीओ नंदजी राम, केतार प्रखंड में शुक्रवार को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समय देते है।

साथ ही जरूरत पड़ने पर बीच में भी भवनाथपुर से केतार पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने का काम करते हैं, लेकिन एक साथ इतने विभाग का प्रभार होने के कारण लोगों को अपना काम कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य सरकार को जल्द से जल्द बीडीओ एवं सीओ की पदस्थापना करनी चाहिए ताकि आम जनता को लाभ मिल सके। बीडीओ एवं सीओ का पद रिक्त होने से प्रखंड के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारी के नहीं रहने से कर्मी भी लापरवाह हो गए हैं।- ज्वाला प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि सह जिप सदस्य केतार।

बीडीओ एवं सीओ का पद खाली होने से प्रखंड की जनता परेशान है। लोगों की समस्या को देखते हुए हमने पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री से मिलकर अधिकारी के पदस्थापन की मांग की है ताकि यहां की जनता को कामों के लिए हो रही परेशानी से निजात मिल सके।- चंद्रावती देवी, प्रखंड प्रमुख, केतार।

बीडीओ सीओ सहित एमओ एवं सीडीपीओ का पद प्रभार में होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। अधिकारी के नहीं रहने के कारण प्रखंड एवं अंचल कर्मी की मनमानी चलती है। समय पर कोई कार्य नहीं हो रहा हैं। लोग एक काम कराने के लिए कई दिनों तक भटक रहे हैं।- शंभू सिंह खरवार, उप प्रमुख, केतार।

ये भी पढ़ें: चंद पैसों के लिए अंधा हुआ स्कूल! दो छात्रों को बुरी तरह पीटा फिर 3 घंटे तक दी ये सजा, बेबस पिता से भी की गाली-गलौज

ये भी पढ़ें: Jharkhand News: पहले सुखाड़ फिर बारिश की मार, सब्जी और धान की फसल खराब; किसानों की बढ़ी मुश्किलें