विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में सरस्वतिया नदी में बह गई 87 वर्षीय वृद्धा, दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग; तलाश में जुटी पुलिस

Published: Thu, 03 Sep 2026 12:28 PM (GMT+05:30)

गढ़वा के हरिओम नगर में 87 वर्षीय राघो कुंवर उफनाती सरस्वतिया नदी में बह गईं, जिनकी तलाश जारी है। बुजुर्ग ...और पढ़ें

सरस्वतिया नदी में आई बाढ़। जागरण

सरस्वतिया नदी में आई बाढ़। जागरण

HighLights

  1. 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरस्वतिया नदी में बही।

  2. मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की तलाश जारी है।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया स्थित हरिओम नगर में बुधवार सुबह उफनाती सरस्वतिया नदी के तेज बहाव में बह गई 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला राघो कुंवर (पति स्वर्गीय शिवपूजन बिन्द) का अब तक पता नहीं चल पाया है। महिला के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वृद्धा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। बुधवार सुबह वह स्वजन को बिना कुछ बताए चुपचाप घर से बाहर निकल गईं। कुछ ही देर बाद स्वजन को उनके सरस्वतिया नदी के तेज थपेड़ों में बहने की खबर मिली। अनहोनी की आशंका से सिहरे स्वजन भागकर नदी किनारे पहुंचे, लेकिन तब तक नदी की मटमैली धार में उनका कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की सूचना तत्काल गढ़वा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत खोजबीन अभियान शुरू किया। ग्रामीणों और स्वजन के साथ पुलिस की टीम हरिओम नगर से लेकर सरस्वतिया और दानरो नदी के संगम तट तक तटीय इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। बुधवार दिनभर चले सघन तलाशी अभियान के बाद भी बुजुर्ग महिला का कोई सुराग नहीं लग सका था।

गुरुवार को दूसरे दिन भी सुबह से ही सरस्वतिया और दानरो नदी के किनारे खोजबीन तेज कर दी गई है। गुरुवार सुबह 11.30 बजे तक लापता वृद्धा का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लगातार नदी के निचले और तटीय इलाकों पर निगरानी रखे हुए हैं, जबकि स्वजन किसी अनहोनी की आशंका में बदहवास हैं। बताया जा रहा है कि नदी का तेज बहाव, वृद्धा के शव की तलाश में बाधक साबित हो रहा है।