गढ़वा में 6 दिनों से लापता 87 वर्षीय महिला का नदी किनारे मिला शव, परिवार पुतला जलाकर कर चुका था अंतिम संस्कार
गढ़वा में 2 सितंबर से लापता 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला राघो कुंवर का शव रविवार को दानरो नदी किनारे मिला। ...और पढ़ें

दानरो नदी किनारे बरामद हुआ 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
गढ़वा में 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बरामद।
दो सितंबर से लापता थीं राघो कुंवर।
परिवार ने पुतला बनाकर किया था अंतिम संस्कार।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया स्थित हरिओम नगरो से बीते दो सितंबर से लापता 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला राघो कुंवर (पति स्वर्गीय शिवपूजन बिंद) का शव रविवार की शाम दानरो नदी के किनारे से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची गढ़वा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू दिया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि राघो कुंवर गत दो सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई थीं। उस दौरान उनके सरस्वतिया नदी की तेज धार में बह जाने की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद से ही स्वजन और पुलिस की टीम सरस्वतिया नदी से लेकर दानरो नदी के संगम तक दो दिनों तक लगातार खाक छानती रही, लेकिन बुजुर्ग महिला का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पुतला लेकर अंतिम संस्कार
लगातार खोजबीन के बावजूद जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो स्वजन ने अनहोनी की आशंका जताते हुए हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका पुतला तैयार कर अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया। स्वजन महिला का पुतला लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी चले गए थे।
अभी स्वजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर ही रहे थे कि इसी बीच रविवार को दानरो नदी किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों व पुलिस ने शव की पहचान लापता राघो कुंवर के रूप में की।
पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी
इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वृद्धा की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
