Lockdown: दिल्ली से लौटे पति को घर में नहीं मिली ENTRY, पत्नी ने कहा- जाइए पहले कोरोना जांच कराकर आइए Dumka News
दिल्ली से आने के बाद पत्नी की बात सुनकर पति ने टेस्ट करवाया उसका स्वास्थ्य सामान्य है। फिलहाल वह हंसडीहा नवोदय विद्यालय के क्वारंटाइन सेंटर में है।
दुमका, जेएनएन। तारीख दो अप्रैल, दिन गुरुवार और रामनवमी का पावन अवसर भी। हर घर में रामलला की पूजा भी हो रही है। तभी दिल्ली से एक व्यक्ति दुमका जिले के अपने गांव बनियारा पहुंचता है। लेकिन, घर में घुसने से पहले ही उसकी पत्नी ने दरवाजे पर ही उसे रोक दिया। रुकिए! घर के अंदर मत आइए, स्वास्थ्य केंद्र जाकर पहले कोरोना की जांच करा लीजिए।
पत्नी की यह बात सुनकर सहिंदर पंजियारा ठिठक गया। वह कई दिनों से ठीक से कुछ खाया नहीं था। अब वह कुछ बोल पाता कि पत्नी ने दिल की बात सुन ली। कहा यहीं बैठिए खाना खा लीजिए, फिर स्वास्थ्य जांच करा लीजिए। पत्नी की इस समझदारी भरी बात सुनकर सहिंदर को होश आया। वास्तव में अभी अपने और अपनों के साथ साथ पूरे समाज के बारे में सोचना चाहिए। 14 दिनों की तो बात है। जब भगवान राम 14 साल का वनवास काट सकते हैं तो परिवार के लिए इतना भी नहीं कर सकते।
पत्नी ने पति से एकबार फिर पूछा कहीं जांच कराए थे, उसने कहा नहीं। बिहार के अमरपुर के पास जांच कराने गए तो वहां कहा गया कि अपने प्रखंड में जाकर जांच करा लेना। पति को जी भर खाना खिलाने के बाद मन को कठोर करती कोमल भाव से फिर दोहराया कि जल्दी जाइए, शाम होने पर परेशानी होगी। सहिंदर पत्नी की बात मानकर जांच कराने चला गया। अभी वह हंसडीहा नवोदय विद्यालय के क्वारंटाइन सेंटर में आराम कर रहा है।
उसका स्वास्थ्य सामान्य है। इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो जागरण की टीम ने गांव में जाकर उस महिला से बात की। महिला ने कहा परिवार और देश की सुरक्षा के लिए कुछ त्याग करना पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनता से की गई अपील सुदूर गांव में भी असरदार है। जागरूकता अभियान लोगों को संबल बना रहा है।