प्रेम में बाधक बन रहे पति की पत्नी ने की हत्या, शव को पेड़ से लटकाया Dumka News
पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी की खोजबीन की जा रही है।
पत्ताबाड़ी(दुमका), जेएनएन। शिकारीपाड़ा के आसनबनी गांव में प्रेम में बाधक बने पति मतु सोरेन(35) की पत्नी ने प्रेमी से मिलकर मंगलवार की रात घर पर ही हत्या कर दी। इसके बाद इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह को मृतक के घर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के भाई भुचुंग सोरेन के बयान पर पुलिस ने पत्नी धनी मरांडी व उसके प्रेमी लुखिराम मरांडी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। इसके साथ आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार प्रेमी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में मृतक के भाई ने पुलिस को बयान दिया है कि मतु सोरेन की शादी धनी मरांडी के साथ हुई थी। इससे उसके तीन बच्चे भी हुए। इधर, धनी की मुलाकात चितरागडिय़ा के लुखिराम से हुई, ये जान पहचान धीरे-धीरे प्यार के रूप में तब्दील हो गया। लुखिराम अक्सर मतु के घर आने लगा। इसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा होने लगी। दो माह पहले मतु ने इस मामले को लेकर पत्नी धनी पर नाराजगी जताई। इससे गुस्साए धनी अपने पति को छोड़ अपने प्रेमी के पास चली गई, लेकिन कुछ दिन बाद फिर लौट आई।
इधर मंगलवार की रात मतु शराब पीकर घर पहुंचा और प्रेम प्रसंग को लेकर पत्नी से उलझ गया। इस दौरान दोनों में कहासुनी होनी लगी, बात बढ़ता देख गुस्साई पत्नी ने अपने पति की गर्दन दबा दी। नशे में धुत होने के कारण पति विरोध नहीं कर पाया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर, घटना के घबराई धनी ने फोन कर रात को ही प्रेमी को घर बुलाया लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को घर से दूर पेड़ पर लटकाया ताकि यह मामला आत्महत्या का लगे। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटका शव देखकर पुलिस को सूचित किया।
प्रथम दृष्टया में लग रहा कि मतु की कहीं और हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया। मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में उसके प्रेमी की संलिप्तता पर छानबीन की जा रही है। संजय मालवीय, पुलिस निरीक्षक, पत्ताबाड़ी