सड़क दुर्घटना में मौत के बाद गांव में मातम
बासुकीनाथ : जरमुंडी प्रखंड के छींट खरवा गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद हजारी की मंगलवार को देवघर जिला अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार की अहले सुबह देवघर से पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचने पर पूरे गांव में कोहराम मच गया।
बासुकीनाथ : जरमुंडी प्रखंड के छींट खरवा गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद हजारी की मंगलवार को देवघर जिला अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार की अहले सुबह देवघर से पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचने पर पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वहीं सड़क दुर्घटना में मृतक की पत्नी 40 वर्षीय सीता देवी एवं मृतक के भाई विजय हजारी की पत्नी बॉबी देवी बुरी तरह से घायल हैं। दोनों घायल महिलाओं का देवघर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि जरमुंडी के छींट खरवा गांव निवासी विनोद हजारी पत्नी सीता देवी का देवघर में एक निजी चिकित्सक से इलाज कराकर मंझले भाई की पत्नी बॉबी देवी के साथ जरमुंडी के रिजर्व मारुति कार से घर लौट रहे थे। इस क्रम में घोरमारा के समीप मारुति कार के चालक महादेव मंडल ने नियंत्रण खो दिया और कार पलटते हुए खेतों में चली गई। इस घटना में विनोद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उसकी पत्नी सीता देवी एवं उसके मंझले भाई की पत्नी बॉबी देवी बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं मारुति कार का ड्राइवर महादेव मंडल घटना के बाद भागने में सफल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मुंशीगिरि करके अपने परिजनों का भरण-पोषण करता था। उसको दो पुत्र एवं दो पुत्री हैं। मृतक अपने घर का एकलौता कमाऊ सदस्य था। ग्रामीणों ने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों एवं परिजनों ने मृतक का दाह संस्कार गांव के समीपस्थ श्मशान घाट में किया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।