जीत की माला गूंथ रहे ईवीएम के चौकीदार, विजय को आश्वस्त हैं रोजेदार
दुमका दुमका में मुख्य मुकाबला दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं भाजपा के युवा प्रत्याशी सुनील सोरेन के बीच है। गुरुजी के नौंवी बार सांसद बनने को लेकर झामुमो पूरी तरह आश्वस्त है।
दुमका : दुमका में मुख्य मुकाबला दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं भाजपा के युवा प्रत्याशी सुनील सोरेन के बीच है। गुरुजी के नौंवी बार सांसद बनने को लेकर झामुमो पूरी तरह आश्वस्त है। भाजपा इस बात पर इतरा रही है कि सुनील पहली बार यहां से कमल लेकर मोदी का हाथ मजबूत करेंगे। बहरहाल इस मन के बात का रूझान 24 घंटा बाद आने लगेगा। तापमान जब चढ़ने को होगा तभी परिणाम का सेंसेक्स भी उपर चढ़ने लगेगा। चर्चाएं चारो ओर है। सभी अपना गणित बिठा रहे हैं। ईवीएम में महारथियों का भाग्य बंद है। भाग्य विधाता ने किसके हिस्से क्या दिया है यह तो 23 मई को दुनियां देख लेगी।
जिस पावन भूमि से दुमका के परिणाम की घोषणा की जाएगी। वहां पारा मिलिट्री फोर्स के साथ-साथ पार्टी के वफादारों का भी पहरा है। दुमका-पाकुड़ रोड में इंजीनियरिग कॉलेज है। जहां स्ट्रांग रूम है। यह जानने के लिए पार्टी की पहरेदारी इस चिलचिलाती धूप में किस तरह हो रही है। बीस फीट के फासले पर भाजपा एवं झामुमो का तंबू लगा हुआ है।
भाजपा के टेंट में छह लोग हैं। सब आपस में गपशप कर रहे हैं। हंसने, हंसाने के दौर में ज्यादा वक्त चुनावी चर्चा में गुजर रहा है। एक्जिट पोल आने के बाद इस टेंट में कुछ ज्यादा ही उत्साह है। सीताराम मिश्र कहते हैं कि देश में तो सीट बढ़ ही रहा है। दुमका सीट भी इस बार जीत रहे हैं, वह भी अच्छे माíजन से जीत रहे हैं। यह चर्चा कर रहे हैं कि कहीं काउंटिग होने में लेट हो गया और सर्टिफिकेट विलंब से मिला तो विजय जुलूस अगले दिन निकालेंगे। कहा कि वे लोग यहां पर अपने प्रत्याशी के ईवीएम की चौकीदारी कर रहे हैं। पूरी रात जगे रहते हैं। किसी के आने की आहट होती है या कोई वाहन आता है तो अलर्ट हो जाते हैं। पूछते हैं कि आपलोग कौन हैं। आब्जर्वर भी आते हैं तो हमलोग पीछे-पीछे चले जाते हैं। यह देखने के लिए क्या कर रहे हैं। वे लोग भी एक बार देखकर चले जाते हैं। अनुप कुमार सिंह, रंजन दुबे, शिवकुमार सिंह, दीपक स्वर्णकार, संतोष साह की पूरी टीम है। दिन में एक-एक कर दो घंटा के लिए घर जाते हैं। स्नान कर वापस आ जाते हैं। चौकीदार लोग बताते हैं कि यहीं पर दाना-पानी आ जाता है।
कुछ ही दूर पर झामुमो का टेंट लगा है। यहां आठ सदस्यों की टीम है। देखते ही पूछा तो परिचय पाती हुई। मो. इनायत करीम, मो. शमसेर, मो.असगर, मो. रामातुल्ला, मो. अफरोज, अब्दुल रहमान, मो. सद्दाम एवं प्रवीण कुमार निगहबानी कर रहे हैं। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो इनायत ने कहा कि पांच लोग रोजा रखे हुए हैं। यहीं पर सेहरी और इफ्तार भी कर लेते हैं। मगरीब की नमाज पढ़ने मस्जिद चले जाते हैं। कहा कि हंसी-मजाक कर मन लगा रहे हैं। आपस में चर्चा करते हैं कि शहर में थोड़ा कम वोट मिला है। लेकिन गुरुजी को गांव में बहुत वोट हुआ है। जीत तो पक्का है। कहा कि इन सब बातों पर चर्चा कर आपस में खुशियां बांट रहे हैं। अपनी ड्यूटी पर बताया कि दो-दो घंटा के शिफ्ट में सभी रात्रि में जागते हैं।