सोहजना से लूटी वैन फतेहपुर से बरामद, दो गिरफ्तार
बासुकीनाथ दुमका जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-भागलपुर मार्ग पर सोहजना गांव के निकट 5 फरवरी को लूटी गई पिकअप वैन को पुलिस ने शुक्रवार की रात बरामद कर लिया। वहीं मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। जबकि घटना में शामिल चार अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। गाड़ी जामताड़ा जिला के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपाथर गांव में वीरेन मंडल के घर के बाहर से बरामद की गई। जबकि दोनों अपराधियों को देवघर से गिरफ्तार किया गया।
फोटो 018
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ: दुमका जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-भागलपुर मार्ग पर सोहजना गांव के निकट 5 फरवरी को लूटी गई पिकअप वैन को पुलिस ने शुक्रवार की रात बरामद कर लिया। वहीं मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। जबकि घटना में शामिल चार अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। गाड़ी जामताड़ा जिला के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपाथर गांव में वीरेन मंडल के घर के बाहर से बरामद की गई। जबकि दोनों अपराधियों को देवघर से गिरफ्तार किया गया।
शनिवार को जरमुंडी एसडीपीओ अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में बताया कि 5 फरवरी को रामगढ़ थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर मार्ग पर सोहजना गांव के समीप बोरा लदे एक पिकअप वैन को अज्ञात अपराधियों ने लूट लिया था। जिसके बाद वाहन के मालिक सरैयाहाट थाना के झिलुवा भेलबड़ी निवासी बबलू राम के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक 9 सदस्यीय टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर लूटे गए 407 वाहन को जामताड़ा जिला के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपाथर गांव में वीरेन मंडल के घर के बाहर से बरामद किया गया। वीरेन ने पुलिस को बताया कि मामा परमेश्वर मंडल एवं अभिषेक साह सहित पांच अन्य व्यक्तियों ने दरवाजे पर गाड़ी की थी। 14 फरवरी को देवघर जिला के सोनारायथाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत जरिया गांव से परमेश्वर मंडल एवं अभिषेक कुमार साह को गिरफ्तार किया। अपराधियों से गहराई से पूछताछ किए जाने पर अपराध को स्वीकार किया। बताया कि झकसु मंडल दुमका, सागर सिंह, आकाश सिंह दोनों सारठ देवघर एवं विष्णु मंडल दुमका के साथ मिलकर लूट की इस घटना को अंजाम दिया था। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस चारों अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि वैन के अलावा लूट में प्रयुक्त इंडिगो कार को बरामद किया गया है।