भाजपा के नेता और उनकी औलाद कभी संस्कारी नहीं हो सकती
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व जामताड़ा के विधायक डॉ इरफान अंसारी ने गुरुवार को दुमका में झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन के पक्ष में मतदान करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला।
जागरण संवाददाता, दुमका: कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व जामताड़ा के विधायक डॉ इरफान अंसारी ने गुरुवार को दुमका में झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन के पक्ष में मतदान करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। दुमका के कुमारपाड़ा और जरूवाडीह में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए डॉ. इरफान ने शब्दों की मर्यादा को भी पीछे छोड़ दिया। कहा कि भाजपा नेता और उनकी औलाद कभी संस्कारी नहीं हो सकती है। लोग खाते झारखंड का हैं और गुणगान छत्तीसगढ़ का करते हैं। ऐसा बिल्कुल भी चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसे लोग अपनी भाषा पर संयम रखें। ऐसे नेताओं के अमर्यादित होने पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर मैं सीएम होता तो भाजपा के सारे लोग जेल में होते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बड़े दयालु और दिलवाले हैं, इसलिए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कई वरिष्ठ नेता जेल के बाहर हैं।
विधायक के बिगड़े बोल: डॉ. इरफान ने कहा कि भाजपा वाले वंश की बात करते हैं, जबकि इनके वंश को जनता ने ठुकरा दिया। जब खुद रघुवर दास के ही संस्कार ठीक नहीं है तो यह अनुमान लगा सकते हैं कि इनकी औलाद कैसी होगी। इन लोगों के क्रियाकलापों से जनता में आक्रोश था, जिसकी वजह से भाजपा की हार हुई। कहा कि भाजपा में नालायक औलादों की भरमार है, जिस कारण पार्टी की लुटिया डूब गई।
जीत का दावा: विधायक ने दुमका उपचुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी बसंत सोरेन की जीत का दावा करते हुए कहा कि बसंत सोरेन भारी मतों से रिकॉर्ड जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा का अस्तित्व यहां से समाप्त करने के लिए आया हूं और एक भी वोट को बर्बाद होने नहीं दूंगा।