dumka news घर पर थी दो महंगी गाड़ी, गरीब बन उठा रहे थे अनाज, अब वसूली की तैयारी
गरीबी रेखा से नीचे गुजर बसर करनेवालों के लिए सरकार ने न्यूनतम दर में खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रही है। इसका फायदा उठाते हुए गरीबों के हक पर अमीरों का हमला जारी है। दुमका के कुरुवा गांव इसी तरह की मिल रही शिकायत के बाद बीडीओ ने कार्रवाई की है।
जागरण संवाददाता, दुमका : घर में दो दो चार पहिया वाहन होते हुए लाल कार्ड बनवाकर अनाज लेना अनुराधा देवी को मंहगा पड़ा। लगातार मिल रही शिकायत के बाद मंगलवार को बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने अनुराधा का घर जाकर मामले की जांच की और उसके राशन कार्ड को रद कर दिया। अब अनाज की वसूली के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी से अनुशंसा की गई है।
दरअसल, बीडीओ को शिकायत मिली कि बेहराबांक पंचायत के कुरुवा गांव की अनुराधा देवी संपन्न होते हुए अनाज का उठाव कर रही है। बीडीओ ने घर जाकर जांच की तो महिला के देवर जगबंधु मल्लिक से जानकारी ली तो उसने बताया कि भाभी के नाम से छह सदस्यों वाला लाल कार्ड है। प्रति माह अनाज का उठाव भी किया जा रहा है। बताया कि भाभी के पति दी दीनबंधु मल्लिक के नाम पर एक बोलेरो पिकअप वैन व टाटा 405 वैन भी है। बीडीओ ने बताया कि चार पहिया वाहन होते हुए अनाज का उठाव करना गैर कानूनी है। अनुराधा देवी गलत तरीके से लाल कार्ड का उपयोग कर रहीं थी। बताया कि कार्ड को तत्काल रद कर दिया गया है। कार्डधारी को कार्ड निबंधन की तिथि 13 मार्च 20 से अब तक उठाए गए अनाज की राशि ब्याज के साथ जमा करनी होगी। इसके लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी से इसकी अनुशंसा की गई है।