घरेलू कलह से परेशान किशोरी ने दी जान
हंसडीहा हंसडीहा थाना क्षेत्र के लकड़बांक गांव के खसूल मांझी की पुत्री रूबी कुमारी ने मंगलवार की अहले सुबह जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सुपुर्द कर दिया।
हंसडीहा : हंसडीहा थाना क्षेत्र के लकड़बांक गांव के खसूल मांझी की पुत्री रूबी कुमारी ने मंगलवार की अहले सुबह जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सुपुर्द कर दिया।
लड़की के चाचा असूल मांझी ने बताया कि कब कैसे और क्यों रूबी ने ऐसा कदम उठाया इसके बारे में कुछ जानकारी नहीं है। चार वर्ष पहले रूबी के पिता में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। मां रूबी को पिता के पास छोड़कर पुत्र को लेकर मायके मानिकपुर कोरडीहा गांव चली गई। इस बात से रूबी परेशान रहने लगी थी। मां चार वर्षो से अपने मायके में ही रह रही है। रूबी के पिता मजदूर हैं। उन्होंने बड़े अरमान से मेहनत मजदूरी कर रूबी को पढ़ाया ताकि आगे चलकर वो पिता के बुढ़ापा का सहारा बन सके। इसी वर्ष रूबी ने दुमका के कस्तूरबा विद्यालय से इंटर पास की थी। आत्महत्या के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ था। मंगलवार की सुबह मौत की जानकारी मिलने पर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सहायक अवर निरीक्षक राजेश पासवान पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। शव के साथ गांव के करीब दर्जनों ग्रामीण और परिजन हंसडीहा थाना पहुंचे। हंसडीहा थाने में पुलिसिया करवाई पूरी कर लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया। हंसडीहा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा अभी लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। युवती के परिजनों के द्वारा आवेदन देने के बाद इस मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया जाएगा।