विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस अभिरक्षा में मौत के आरोपों के बाद गिरी गाज: सरैयाहाट थाना प्रभारी हटाए गए, नए थाना प्रभारी नियुक्त

Published: Wed, 26 Aug 2026 11:39 PM (GMT+05:30)

दुमका के सरैयाहाट में बाइक छीनने के दौरान अरबाज अंसारी की संदिग्ध मौत के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव को लाइन हाजिर किया गया।

  2. अरबाज अंसारी की संदिग्ध मौत मामले में हुई यह कार्रवाई।

  3. अनुज कुमार सरैयाहाट के नए थाना प्रभारी नियुक्त हुए।

संस, सरैयाहाट (दुमका)। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में 9 अगस्त की देर शाम बाइक छीनकर भागने के दौरान बिहार निवासी अरबाज अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में दुमका पुलिस अधीक्षक (SP) पीतांबर सिंह खेरवार ने बड़ी कार्रवाई की है। 
 
एसपी ने बुधवार को सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर विश्वविद्यालय ओपी (दिग्घी थाना) के पूर्व प्रभारी अनुज कुमार को सरैयाहाट का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
 

क्या था पूरा मामला?

घटना 9 अगस्त की है, जब बाइक छीनकर भागने के दौरान अरबाज अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने उसका शव थाना क्षेत्र के चौराजोर मोड़ के समीप से बरामद करने की जानकारी दी थी।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि अरबाज की मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई पिटाई के कारण हुई है और पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया।

मृतक के पिता ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी।

 

जांच जारी, विभागीय कार्रवाई

स्वजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके तहत थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पर यह विभागीय कार्रवाई की गई है।

हालांकि, अरबाज अंसारी की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी नहीं हुई है। 
 
इसके बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा। इस मामले में पुलिस की जांच पर मृतक के स्वजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी नजर बनी हुई है।