आज से होम आइसोलेशन में जाएंगे अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मी
समायोजन की मांग को लेकर तीन दिन से काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे अनुबंध स्वास्थ्यकर्मी शुक्रवार को होम आइसोलेशन में चले जाएंगे।
जागरण संवाददाता, दुमका: समायोजन की मांग को लेकर तीन दिन से काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे अनुबंध स्वास्थ्यकर्मी शुक्रवार को होम आइसोलेशन में चले जाएंगे।
तीसरे दिन अनुबंध कर्मी लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, एक्सरे टेक्नीशियन, एएनएम, जीएनएम,नेत्र सहायक आदि कर्मियों ने समायोजन की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोष प्रकट करते हुए काम किया। पप्पू चौरसिया ने कहा कि जब तक सीधा समायोजन नहीं होता है तब तक समान काम के बदले समान वेतन दिया जाए। कहा कि तीन जून की रात तक रांची में संघ के सदस्यों से वार्ता होनी है। अगर बात बन गई तो आंदोलन को स्थगित कर दिया जाएगा। वहीं अगर वार्ता विफल रही तो सभी होम आइसोलेशन में चले जाएंगे। ऐसा होने पर कोविड से संबंधित सभी तरह की जांच प्रभावित होगी। स्वास्थ्य कर्मी सैंपल संग्रह करेंगे, लेकिन उसकी जांच नहीं हो सकेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी सरकार व विभाग की होगी।
विरोध करने वालों में जिलाध्यक्ष अनुपम टुडू, हरिनाथ पाठक, दिवाकर वत्स, राकेश कौशिक, कमलेश प्रसाद, संतोष कुमार, काजल सेन, मेलिसेंट मुर्मू, मेरीनिला मुर्मू, अग्नेश मुर्मू, प्रिसिला मुर्मू, जस्मीना सोरेन, स्मिता सोरेन, सोनी कुमारी, जसफिन मरांडी, गीता कुमारी, प्रेमलता हांसदा, निशांता नीलम व रोजमेरी टुडू आदि शामिल थे।