जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को तलवार से की हत्या
बड़े भ्भाई ने छोटे भाई की हत्या
रामगढ़ : मामूली जमीन विवाद में मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे महुबना गांव में बड़े भाई हीरालाल मंडल ने पिता व बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई सुरेश मंडल की तलवार से हमला कर हत्या कर दी। बीच बचाव करने पर मृतक की पत्नी मीना देवी व बेटे सुमन मंडल को भी बुरी तरह घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के हमले में हीरालाल व उसका बेटा सुमित मंडल घायल हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पत्नी मीना देवी के बयान पर पुलिस ने ससुर सुखदेव मंडल, भैसुर हीरालाल मंडल, निरंजन मंडल, सुमित मंडल व मीना देवी व ससुर सुखदेव मंडल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सुखदेव मंडल, सुमित मंडल एवं निरंजन मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मीना देवी व सुमन का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पत्नी मीना देवी ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने जो जमीन खरीदी थी, उस पर उसका भैसुर हीरालाल मंडल जबरन हिस्सा मांग रहा था। सभी अलग-अलग रहते हैं। मंगलवार की रात पति सुरेश मंडल खाना खाकर अपने घर के बाहर बैठे थे। रात लगभग 11 बजे उक्त सभी आरोपी धारदार तलवार, लोहे की छड़ व लाठी डंडा लेकर आए और पति के सिर पर तलवार से हमला कर दिया। कई गहरे घाव होने की वजह से मौके पर ही मौत हो गयी। बेटा सुमन मंडल और वह बाहर आयी तो उन पर भी तलवार से हमला किया। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हुए और सभी को सदर अस्पताल दुमका में भर्ती कराया। पति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के पिता सुखदेव मंडल, बेटा, सुमित मंडल व निरंजन मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मुख्य आरोपी हीरालाल मंडल फरार हो गया। दूसरे के सुमित मंडल ने मृतक सुरेश मंडल, उसकी पत्नी मीना देवी, सुमन मंडल व उसकी पत्नी खुशबू देवी के खिलाफ तलवार फरसा एवं अन्य हथियार से मारपीट कर घायल कर देने का मामला दर्ज कराया है। सुमित ने बताया कि दादा सुखदेव मंडल ने जो जमीन खरीदी, उसे चाचा अकेले लेना चाह रहा था। वह जमीन पर घर बना रहा था। रात 11 बजे वह मिस्त्री लगाकर काम करवा रहा था। पिता हीरालाल मंडल ने काम बंद करने को कहा तो उनके और पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। रात में ही ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं पिता को ग्रामीण दुमका ले गए। पोस्टमार्टम के बाद सुरेश का शव घर पहुंचा तो भीड़ लग गई।
--------------
वर्जन
जमीन विवाद में हत्या की गई है। रात को ही तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दोनों पक्ष के बयान पर हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
--रविन्द्र कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक काठीकुंड प्रभाग