सरकार का संकल्प, उग्रवाद मुक्त होगा झारखंड : सीएम
दुमका के शिकारीपाड़ा की ढाका पंचायत में हुई जनचौपाल में रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि लोकतंत्र को चुनौती देने वाला या कानून को अपने हाथ में लेने वाला कितना ही ताकतवर क्यों न हो सरकार उसका डटकर मुकाबला करेगी।
जागरण संवाददाता, दुमका : दुमका के शिकारीपाड़ा की ढाका पंचायत में हुई जनचौपाल में रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि लोकतंत्र को चुनौती देने वाला या कानून को अपने हाथ में लेने वाला कितना ही ताकतवर क्यों न हो सरकार उसका डटकर मुकाबला करेगी। दुमका में रविवार को नक्सली-पुलिस मुठभेड़ में असम के जवान नीरज छेत्री वीरगति को प्राप्त हुए हैं। सरकार व राज्य की जनता अपने जवान की शहादत को नमन करती है। आज उग्रवाद अंतिम सांसे गिन रहा है। सरकार संकल्प ले चुकी है कि आने वाले समय में उग्रवाद मुक्त झारखंड होगा।
जनचौपाल में 151 करोड़ की पथ प्रमंडल एवं आरईओ की सड़क व अन्य योजनाओं का शिलान्यास किया गया। कहा सितंबर तक सूबे का हर गांव एलइडी स्ट्रीट लाइट से जगमग होगा। राज्य स्तरीय ग्रामीण एलइडी स्ट्रीट लाइट योजना का सीएम ने यहां से शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल पहले राज्य में उग्रवाद बड़ी समस्या थी। इसलिए तब विकास नहीं हो रहा था। आज विकास हो रहा है। सूबे की जनता विकास चाहती है। गांवों के विकास से ही झारखंड विकसित होगा। 30 सितंबर तक पीने का पानी हर आदिवासी गांव में होगा। झारखंड के 32 हजार गांव में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगेगी। जून में सूबे के सभी पंचायत में कैंप लगाकर आयुष्मान भारत के लिए गोल्डन कार्ड बनेगा। 57 लाख का कार्ड बनाना है। अब तक 32 लाख का कार्ड बन गया है। जनता से संवाद किया। चुप मत रहो। झामुमो ने अब तक आपका शोषण किया। आपने युवा को सांसद बनाया। पहले तो ऐसे सांसद को चुनते रहे जो न बोल सकते थे न विकास की धार बहा पाते थे। आपको को केवल वोट बैंक समझा। जहां भाजपा व एनडीए के सांसद हैं अब वहां हर विधानसभा क्षेत्र में सांसद सहायता केंद्र खुलेगा। वहां जनता सीधे आकर मिल सकेगी। किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने को सरकार प्रतिबद्ध है। सभी किसानों को कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए कैंप लगेगा। आपके सामने पैसा ट्रांसफर होगा। पहली किस्त जून और दूसरी दुर्गापूजा में मिलेगी। झारखंड के मुखियों से आह्वान किया कि वे अच्छा काम करें।
जनचौपाल से 20 किमी दूर हुई थी मुठभेड़ :
मुख्यमंत्री जहां कार्यक्रम कर रहे थे वहां से बीस किमी दूर नक्सलियों से सुरक्षा बलों की रविवार सुबह ही मुठभेड़ हुई थी। यह इलाका झामुमो का गढ़ कहा जाता है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि झारखंड में अभी बहुत कुछ करना है। उनका इशारा विधानसभा चुनाव पर था। स्थिर सरकार देंगे तो साढ़े चार साल में जो काम हुआ वह आगे भी अनवरत होगा। बिजली की समस्या है लेकिन आने वाले समय में यह दूर होगी। पहले से सुधार तो हुआ है। तब बिल्कुल नहीं रहती थी अब तो दस घंटा रहती है। इसके लिए कांग्रेस एवं झामुमो की सरकार को दोषी ठहराया। बोले अब ढाका के लिए सब स्टेशन बनने पर समस्या कम होगी।
खेतों को मिलेगी 6 घंटे बिजली:
कहा कि 300 स्पेशल एग्रीकल्चर फीडर बन रहे हैं। इससे खेतों के लिए 6 घंटे बिजली मिलेगी। दुमका में सीएसआर के तहत 3 करोड़ का सिलाई-कढाई केंद्र खुलेगा। इस बीच यह भी कहा कि जमीन छीनने संबंधी दुष्प्रचार करने वालों से सजग रहें। मुखिया भी लोगों को समझाकर किसी को गुमराह न होने दें। इस दौरान उज्ज्वला योजना के लाभुकों को गैस सिलिंडर दिया गया। डॉ. लुईस मरांडी, सांसद सुनील सोरेन एवं डीसी मुकेश कुमार ने संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप