रिश्तों का खूनः दुमका में बाप ने मासूम बेटी की, देवघर में मां-बाप ने बेटे की ली जान
दुमका में एक पिता ने मासूम बेटी को सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला, जबकि देवघर में मेला देखने के लिए पैसा मांग रहे किशोर की हत्या कर दी गई।
जागरण टीम, दुमका/देवघर। बच्चों के लिए माता-पिता अपना सब कुछ कुर्बान करने का जज्बा रखते हैं। उनकी ख्वाहिश यही रहती है कि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो। उनको कोई तकलीफ न हो। पर, दुमका व देवघर में हुई दो घटनाओं ने समूचे समाज को हिला दिया। दुमका में एक पिता ने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी सोनी प्रिया मुर्मू को सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला। पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं, देवघर में मेला देखने के लिए पैसा मांग रहे किशोर कटी मरांडी (12) की हत्या उसकी सौतेली मां और पिता ने कर दी।
बेटी को पटक-पटक कर मार डाला
शनिवार शाम दुमका के टोंगरा थाना क्षेत्र के हथियापाथर गांव में रहने वाले इमारू मुर्मू ने पत्नी लतिका मुर्मू से कहा कि बेटी को तैयार कर दो। उसे मोहनपुर हटिया में मेला दिखाने ले जाना है। उसके बाद वह बेटी को ले गया। रात तक जब नहीं लौटा तो लतिका को चिंता हुई। उसने अपने दो भाइयों को खोजबीन के लिए भेजा। ग्रामीणों से पता चला पता चला कि बेटी का शव घर से कुछ दूर सड़क किनारे पड़ा है। सड़क पर खून बिखरा था। उसे पटक-पटक कर मार दिया गया था। घटना से भड़के ग्रामीणों ने पिता को तलाश कर गांव में ही दबोच लिया। उसे पकड़कर घर ले गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने इमारू को सौंप दिया। रोते हुए लतिका ने बताया कि इमारू ने ऐसा क्यों किया, समझ से परे है।
पति और पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। एक सप्ताह पहले पत्नी मायके में रहने लगी थी। पति लेने गया तो उसने आने से इन्कार कर दिया था। आरोपी मेला घुमाने के लिए बेटी को ले गया। वहां पर शराब पी। नशे की हालत में पत्नी से भी चलने को कहा, इन्कार करने पर गुस्से में बेटी की हत्या कर दी।
-किशोर कौशल, दुमका एसपी
मेला देखने के लिए पैसा मांगा तो की हत्या
देवघर के चितरा थाना के कपसियो गांव में शनिवार की रात पिता व सौतेली मां ने अपने 12 वर्षीय पुत्र कटी मरांडी की हत्या कर दी। शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। कटी के मामा सेवातन हांसदा जानकारी पाकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस निरीक्षक अरविंद उपाध्याय, चितरा थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसके गले में रस्सी का दाग मिला है। घर से रस्सी बरामद कर ली गई है। खून से लथपथ एक बोरा व मिट्टी भी जब्त की गई है। इसे जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी। पड़ोसियों ने बताया कि मोनेश्वर मरांडी की पहली पत्नी की मौत आठ साल पूर्व हो गई थी।
उससे तीन पुत्र हैं। दो पुत्र दिल्ली व कोलकाता में मजदूरी करते हैं। छोटा पुत्र उनके साथ रहता था। वह तीन साल पहले मोनेश्वर नाला प्रखंड के सिनुरकुनियां गांव से एक महिला को लाया था। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। कटी मरांडी भी साथ रहता था। दोनों उससे घर का खाना बनवाना, पानी लाना, मवेशी चराने का काम कराते थे। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। मोनेश्वर मजदूरी करता था। शनिवार शाम आसपास के लोग चितरा यज्ञ देखने जा रहे थे। कटी मरांडी भी मेला देखने के लिए घर में पैसे की मांग कर रहा था। बगल के लोग इस बीच मेला देखने चले गए। रात में जब लौटे तो देखा कि कटी मरांडी का शव घर में पड़ा है। कटी मरांडी के मामा मेहशबथान गांव के सेवातन हांसदा ने पति-पत्नी पर हत्या का मामला दर्ज कराया है।