जामा में व्यक्ति की पीटकर हत्या
चिकनिया : जामा थाना के मोहलबना गांव में 45 वर्षीय धोना मुर्मू की पीट पीटकर हत्या कर दी गई
चिकनिया : जामा थाना के मोहलबना गांव में 45 वर्षीय धोना मुर्मू की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जाता है कि धोना की पत्नी कई साल से उसे छोड़कर अलग रहती है। वह अपने दो बच्चों के साथ प्लास्टिक की झोपड़ी बनाकर रहता था। झोपड़ी के पीछे उसका मक्का का खेत है। मंगलवार की सुबह छोटा भाई चुन्नू मुर्मू मिलने के लिए गया तो धोना झोपड़ी में नहीं था। खोजने के लिए निकला तो खेत के बाहर उसका शव पड़ा हुआ था। सूचना पर जामा पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया। चुन्नू ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात भाई ने एक जान पहचानवाले व्यक्ति के साथ खाना खाया। मृतक अपने मामा के घर मोहलबना में रहकर खेती बारी करता था। काफी प्रयास के बाद भी यह साफ नहीं हुआ है कि किस बात के लिए पीट पीटकर हत्या की गई। साथ खाना खानेवाले युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। थानेदार संजय मालवीय की मानें तो हत्या का कारण पता करने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।