आओ सब मिलकर विवि को स्वच्छ बनाएं
दुमका सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में पीजी के अंग्रेजी विभाग के सेम एक और सेम तीन के छात्रों द्वारा विश्वविद्यालय कैंपस में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
दुमका : सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में पीजी के अंग्रेजी विभाग के सेम एक और सेम तीन के छात्रों द्वारा विश्वविद्यालय कैंपस में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार झा ने कहा कि महात्मा गांधी ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने संबंधी शिक्षा प्रदान कर राष्ट्र को एक उत्कृष्ट संदेश दिया था। बापू ने स्वच्छ भारत का सपना देखा था। वह चाहते थे कि भारत के सभी नागरिक एक साथ मिलकर देश को स्वच्छ बनाने के लिए कार्य करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया और इसके सफल कार्यान्वयन के भारत के सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। मंगलवार को विभाग के छात्र-छात्राओं ने इसी दिशा में कदम उठाते हुए विश्वविद्यालय में श्रमदान दिया।
स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल आसपास की सफाई करना ही नहीं है बल्कि नागरिकों की सहभागिता से अधिक से अधिक पेड़ लगाना, कचरा मुक्त वातावरण बनाना, शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराकर एक स्वच्छ भारत का निर्माण करना है। देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ भारत का निर्माण करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह अभियान न केवल नागरिकों को स्वच्छता संबंधी आदतें अपनाने बल्कि देश की छवि को बेहतर बनाने में कामयाब होगा।
मौके पर डॉ. सुधांशु शेखर ने कहा कि स्वच्छता घर सड़क तक के लिए ही जरूरी नहीं होती है। यह देश और राष्ट्र की आवश्यकता होती है। इससे ना केवल हमारा घर आंगन बल्कि पूरा देश स्वच्छ रहेगा। राष्ट्रपिता स्वतंत्रता से पहले स्वच्छ रहना और इसके तहत स्वच्छता को उन्होंने ईश्वर भक्ति के बराबर माना। छात्र-छात्राओं से अपील किया कि जैसे खुद को स्वच्छ रखते हैं वैसे ही अपने विश्वविद्यालय को स्वच्छ रखेंगे। प्रो. मिहिर झा ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया। छात्र मनीष यादव ने कहा कि छात्र-छात्राएं पढाई के साथ समय-समय पर विश्वविद्यालय की सफाई करेंगे। स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे। मौके पर मनोहर कुमार, सुपर्णा कर्मकार, मगदालिना सोरेन, प्रणव राज, अभिनव मिश्र, सुयश झा, अनुज मरांडी,
सानू, रवि, अभिषेक निशांत, प्रज्ञा, प्रदीप मुर्मू, पाथे राउत, विशाल, सुधांशु, विधीशा मुखर्जी समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।