दुमका में बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म, हाथ-पैर बांध कर जंगल में फेंका
दुमका : नगर थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीया आदिवासी बच्ची को रविवार रात घर के समीप से तीन लड़क
दुमका : नगर थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीया आदिवासी बच्ची को रविवार रात घर के समीप से तीन लड़के उठाकर ले गए और निर्माणाधीन आवास में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हाथ-पैर बांधकर उसे जंगल में फेंक दिया। सोमवार सुबह पड़ोस की एक महिला ने उस किशोरी को बेहोशी व अव्यवस्थित हालत में देखा। सूचना पर परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। भुक्तभोगी बच्ची पाकुड़ के अमड़ापाड़ा की बताई जा रही है। वह यहां चाची के घर पर रहकर पढ़ती है। नगर थाना में किशोरी के बयान पर तीन अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीआइजी अखिलेश कुमार झा और एसपी किशोर कौशल ने भुक्तभोगी बच्ची से मामले की जानकारी ली और घटनास्थल का भी मुआयना किया।
परिजनों की मानें तो रविवार रात करीब दस बजे बर्तन धोने के बाद यह बालिका पढ़ने के लिए कमरे में चली गई। उसके शिक्षक चाचा, चाची व उनकी दो बेटियां टीवी देखने के लिए दूसरे कमरे में चले गए। करीब एक घंटे के बाद चाची उसके कमरे में पहुंचीं तो वह वहां नहीं थी। रात भर परिजन तलाश में जुटे रहे। सुबह पड़ोस की एक महिला ने जंगल में बच्ची को बेहोशी की हालत में देखकर परिजनों को सूचना दी। बच्ची के हाथ स्कर्ट की बेल्ट व पैर स्कर्ट से बंधे थे। चेहरा भी उसी के कपड़े से बंधा था, शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।
अस्पताल में बच्ची ने बताया कि बर्तन धोने के बाद वह घर के पीछे का दरवाजा देखने गई थी कि कहीं खुला तो नहीं है। इस बीच अचानक तीन लड़के आए मुंह बंद कर उठाकर ले गए। फिर खाली घर में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। होश आने पर खुद को अस्पताल में भर्ती पाया। इधर, नगर परिषद अध्यक्ष श्वेता झा, मंत्री लुईस मरांडी के पति ब्रेनटियम मरांडी व अमिता रक्षित भी अस्पताल पहुंचीं। फिलहाल बालिका को आइसीयू से हटाकर दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। किसी को वहां जाने की अनुमति नहीं है। आरोपितों तक पहुंचने के लिए खोजी कुत्ता की मदद ली गई। कुत्ता निर्माणाधीन आवास के बाद जंगल में गया और कई चक्कर काटने के बाद लौट आया। पुलिस को अब तक ऐसा कोई सुराग हाथ नहीं लगा जो उसे आरोपितों तक पहुंचा सके। मेडिकल बोर्ड की तीन सदस्यीय टीम में डॉ. संगीता टोप्पो, रीतेश वर्मा व एसपी गावस्कर ने बच्ची की मेडिकल जांच की। जिसमें दुष्कर्म की बात सामने आई है। टीम ने अन्य जानकारी नहीं दी।
----------
कोट-
पीड़िता का बयान लेकर मेडिकल जांच कराई गई। एसपी खुद इस मामले को देख रहे हैं। बच्ची ने दुष्कर्म की बात कही है। आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तफ्तीश में जुटी है। जल्द ही दुष्कर्मियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अखिलेश कुमार झा, डीआइजी, दुमका
-------------
बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ है। नगर थाना में तीन अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है। भुक्तभोगी बच्ची और उसके परिजनों से बात कर आरोपितों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वारदात के बाद बच्ची के हाथ-पैर बांधकर जंगल में फेंक दिया गया था। सारे स्पॉट को चिह्नित कर लिया गया है।
किशोर कौशल, एसपी, दुमका