पत्नी की हत्या कर बन गया साधु, पुलिस ने इस तरह किया गिरफ्तार
Husband arrested. पत्नी की हत्या के बाद साधु बन गए आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, हंसडीहा (दुमका)। पुलिस ने एक ठोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। पत्नी की हत्या के बाद साधु का वेश बनाकर उसने अपना नाम बाबा सहदेव कर लिया था और लोगों को तंत्र-मंत्र की अंगूठी बेचा करता था। चतरा जिले के गिद्धौर थाना की पुलिस ने उसे दुमक के हंसडीहा से धर दबोचा। वह झारखंड आर्म्स पुलिस का पूर्व जवान है।
बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के रहटा गांव के सहदेव राम के खिलाफ झारखंड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना में हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। उसके ही बेटे ने उसकी पहचान की। तकनीकी सेल के सहारे चतरा पुलिस को पता चला कि आरोपी हंसडीहा में कहीं रह रहा है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस उसके बेटों को लेकर हंसडीहा पहुंची। पुलिस ने उसे बाजार से ही धर दबोचा। उस पर यह भी आरोप है कि धोखे में रखकर उसने कई शादियां कर रखी हैं। देवघर के मोहनपुर एवं हंसडीहा में भी आरोपित के संबंध किसी औरत के साथ होने की बात बताई जा रही है।
गिद्धौर थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम लागुरी ने बताया कि आरोपित की पहचान करने के लिए उसके बेटों को साथ लेकर आना पड़ा। उसके खिलाफ बिहार के कई थानों में भी कई प्राथमिकी दर्ज है। आरोपित के बेटे ने बताया कि अय्याशी के कारण उसके पिता ने पुलिस की नौकरी छोड़ दी थी। पेंशन से मिलने वाले पैसों को गलत काम में उड़ाया करता था। इसका विरोध करने पर पिछले साल मां कौशल्या देवी की हत्या कर दी।