विवाहिता को जलाने के प्रयास में पति व ससुर गिरफ्तार
जामा थाना क्षेत्र के तपसी गांव में गुरुवार को विवाहिता शांति देवी को दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारपीट कर मिट्टी तेल डालकर जलाने का प्रयास किया। किसी तरह से ग्रामीणों के सहयोग से उसकी जान बची। जिसके बाद पीड़िता ने मामले में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
संवाद सूत्र, चिकनियां : जामा थाना क्षेत्र के तपसी गांव में गुरुवार को विवाहिता शांति देवी को दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारपीट कर मिट्टी तेल डालकर जलाने का प्रयास किया। किसी तरह से ग्रामीणों के सहयोग से उसकी जान बची। जिसके बाद पीड़िता ने मामले में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने पति उत्तम पंडित व ससुर बलराम पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दर्ज प्राथमिकी में सोनारायठाढ़ी के बाइसबी गांव की रहने वाली शांति देवी ने बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी तपसी गांव के उत्तम पंडित के साथ हुई। शादी के दो साल बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुर बलराम पंडित, सास अनीता देवी और पति दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट करने लगे। 21 सितंबर की रात तीनों ने किरासन तेल डालकर जलाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर पड़ोस के लोग जग गए और ग्रामीणों ने आकर जान बचाई। बताया कि एक साल पहले गर्भवती होने की सूचना पर जब पति को दी तो उसने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। पिता दुली पंडित के मौत के उपरांत पति उसे मायके ले जाकर छोड़ दिया। 10 माह के बाद सामाजिक बैठक होने के उपरांत उत्तम ससुराल लेकर आया। दो माह तक सब ठीक रहा लेकिन फिर से प्रताड़ित किया जाने लगा। भाइयों ने गांव में पंचायती कराई और पति को दस हजार रुपया भी दिया। इसके बाद भी दहेज लोभियों का मन नहीं भरा तो जलाने का प्रयास किया। गुरूवार को किसी तरह से जामा थाना जाकर मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी कृष्णा राम ने बताया कि तीनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर पति व ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।