विधानसभा में झूठ बोल जनता को ठग रही हेमंत सरकार: बाबूलाल
दुमका विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सदर प्रखंड दुमका के मकरो में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार को किसान विरोधी बताया।
जागरण संवाददाता, दुमका: दुमका विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सदर प्रखंड दुमका के मकरो में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि सरकार विधानसभा के पटल पर झूठ बोलती है। किसानों की कर्ज माफी को लेकर हेमंत सोरेन की सरकार ने सदन में घोषणा की थी, लेकिन अब तक कर्ज माफ नहीं हुआ है। बाबूलाल ने कहा कि यह सरकार झूठे वादे करके सत्ता पर काबिज हुई है। नौ महीने बाद भी हेमंत सरकार के पास गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है।
बाबूलाल ने कहा कि राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। अफसरशाही चरम पर है। थाने का दारोगा महिलाओं को सरेआम बेइज्जत करता है, लेकिन सरकार उसका कुछ नहीं कर पाती है। उन्होंने दुमका उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी को जीताने की अपील करते हुए कहा कि यह मौका है कि यहां के मतदाता हेमंत सोरेन से हिसाब बराबर करें। बाबूलाल मरांडी ने मालभंडारो, पेलनीबांध समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी चुनावी सभा को संबोधित कर मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में गोलबंद किया। मौके पर पार्टी के कई नेता मौजूद थे।