जनादेश का अपमान करने वालों से जरूर लें बदला: सुदेश
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी के पक्ष में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिसने दुमका की जनता के जनादेश का अपमान किया है उससे बदला जरूर लें।
जागरण संवाददाता, दुमका: आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी के पक्ष में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिसने दुमका की जनता के जनादेश का अपमान किया है, उससे बदला जरूर लें।
सुदेश ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मत विभाजन के कारण ही बागडोर का परिवर्तन हुआ है। एनडीए के घटक दलों ने इसे खुले मन से स्वीकार किया है, लेकिन अब मत विभाजन को रोकने के लिए एनडीए के तमाम दल एकजुट होकर विरोधियों को शिकस्त देंगे। सुदेश ने कहा कि उपचुनाव में झामुमो का जो प्रत्याशी है वह प्रजातंत्र का नहीं, बल्कि राजतंत्र का चेहरा है।
विरासत की सियासत को खत्म करने की जरूरत: सुदेश ने कहा कि दुमका में विरासत की इस सियासत को खत्म करने की जरूरत है। दुमका से वंशवाद को खत्म करना होगा। कहा कि क्षेत्र में इस बार लड़ाई राजा और प्रजा के बीच है। राजा को चुनौती देनी होगी, नहीं तो राजा का बेटा ही राजा बनेगा। आमजनों को कभी उनका अधिकार नहीं मिल सकेगा।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश ने कहा कि सोरेन परिवार के लोगों को तीन बार मंत्री व मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है, लेकिन बदले में आमजनों को कुछ नहीं मिला। एनडीए के कार्यकाल में विकास को गति तेज हुई थी, लेकिन बीते 10 माह से विकास पूरी तरह ठप है।
सुदेश ने कहा कि इस उपचुनाव में डॉ. लुइस मरांडी के पक्ष में मतदाता गोलबंद हो चुके हैं। अब पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि तीन नवंबर को पूरी ताकत से मतदाताओं का बूथों तक लाकर मतदान कराएं, ताकि भाजपा की जीत सुनिश्चित हो सके। मौके पर डॉ. लुइस मरांडी, आजसू नेता अजय कुमार सिंह समेत पार्टी से जुड़े अन्य लोग मौजूद थे।