कंधों पर सजे स्टार: दुमका की प्रियांशु और सुमिता का NCC में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर प्रमोशन
दुमका की प्रियांशु केशरी और लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर पदोन्नत ...और पढ़ें

प्रियांशु केशरी और सुमिता सिंह।
HighLights
प्रियांशु केशरी को एनसीसी में फर्स्ट ऑफिसर पद पर पदोन्नत किया गया।
लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह ने ग्वालियर में प्रशिक्षण के बाद 'ए' ग्रेड प्राप्त किया।
दोनों अधिकारियों को दुमका में रैंक सेरेमनी में सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, दुमका। सिदो कान्हु उच्च विद्यालय दुमका की एनसीसी ऑफिसर प्रियांशु केशरी एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय काठीजोरिया की प्रभारी प्राचार्य लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह को राष्ट्रीय कैडेट कोर में फर्स्ट ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया।
बुधवार को दुमका के विजयपुर कमारदुधानी स्थित तीरंदाजी मैदान में आयोजित रैंक सेरेमनी कार्यक्रम में प्रियांशु केशरी को सेकंड ऑफिसर से फर्स्ट ऑफिसर के पद पर पदोन्नत करते हुए चार झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी दुमका के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार एवं सूबेदार मेजर राजेश कुमार ने नया रैंक स्टार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारियों एवं कैडेट्स की उपस्थिति में रैंक बैच लगाकर प्रियांशु केशरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गई। यह पदोन्नति एनसीसी में उनके दायित्व एवं सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव प्रदीप्त मुखर्जी, सुनीता मुखर्जी, रूशाली मुखर्जी, प्राचार्य इंद्रजीत प्रसाद भगत, एसकेएसएस के प्राचार्य देवप्रिया मुखर्जी तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
लेफ्टिनेंट सुमिता ने प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर 'ए' ग्रेड हासिल कर फर्स्ट ऑफिसर की रैंक प्राप्त की
झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी दुमका की सेकंड ऑफिसर लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह ने ग्वालियर स्थित एनसीसी ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी में आयोजित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर ए ग्रेड हासिल किया और फर्स्ट ऑफिसर की रैंक प्राप्त की।
उन्हें रैंक सेरेमनी में चार झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल यादव और रेडक्रास सोसाइटी दुमका के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह के कंधे पर थ्री स्टार लगाकर उन्हें फर्स्ट ऑफिसर की रैंक प्रदान की।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर ने एनसीसी ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी, ग्वालियर द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी उन्हें प्रदान किया।
लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह एनसीसी के सर्वोच्च सम्मान में शामिल डीजी कमेंडेशन बैज से सम्मानित होने वाली पहली एएनओ भी रही हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, काठीजोरिया की प्रभारी प्राचार्य लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह ने चार से 23 मई 2026 तक ग्वालियर स्थित एनसीसी ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी में आयोजित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में भाग लिया था।
आधिकारिक कोर्स रिपोर्ट में उनके प्रदर्शन को औसत से बेहतर पाकर 'ए' ग्रेड प्रदान किया गया है। उन्होंने एक्स युवा शक्ति एवं फ्लैग एरिया प्रतियोगिता में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
ओटीए ने उन्हें मेहनती और अच्छी टीम सदस्य बताते हुए एनसीसी के विभिन्न विषयों में संस्थागत प्रशिक्षण संचालित करने में सक्षम बताया है।
