फंदे से लटका मिला आइजोल डीएम के चालक के पुत्र का शव
दोस्त के घर आए युवक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई है मौत। छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला शव। दोस्त ने कहा उसके दोस्त ने फांसी लगाई है जबकि स्वजनों का आरोप है कि दोस्त ने मिलकर उसकी हत्या कर दी है।
जागरण संवाददाता, दुमका। शनिवार को अपने दोस्त से मिलने पहुंचे 21 वर्षीय मोजेस टुडू का शव रविवार की सुबह नगर थाना क्षेत्र के सरूवा निवासी रवि सोरेन के आवास में रह रहे मित्र राहुल के घर में लटका मिला। दोस्त जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं स्वजनों ने उस पर हत्या का शक जताया है। मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीअमड़ा का रहने वाला था। उसकी बहन के बयान पर थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है। मृतक के पिता महेंद्र टुडू मिजोरम राज्य केआइजोल जिले के डीएम के चालक हैं। वे सोमवार को पहुंचेंगे।
बताया गया कि मोजेस ने कक्षा नौ तक की पढ़ाई मिजोरम से की है। दो साल पहले वह दुमका आया तथा लगभग डेढ़ वर्ष तक उसने धानी लोन एंड सर्विस फाइनेंस कंपनी में काम किया। तीन माह पहले उसने काम छोड़ दिया था और श्रीअमड़ा में बहन के साथ रहता था, जबकि मां पति के साथ आइजोल में रहती है। चाचा नोरेश टुडू ने बताया कि शनिवार की शाम मोजेस बहन से दोस्त राहुल के घर जाने की बात कहकर निकला। राहुल के साथ उसका दोस्त अभिषेक भी रहता है। सुबह छह बजे राहुल की आंख खुली तो मोजेस बेड पर नहीं था। छत पर जाकर देखा तो बांस के सहारे फंदा लगाकर शव झूल रहा था। नगर थाना प्रभारी नीतिश कुमार के अनुसार प्रथम दृष्ट्या यह फांसी ही लग रही है। पुलिस को मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।