मसानजोर में टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन, पर्यटन को बढ़ावा देंगे सीएम
CM Raghubar das in dumka. सीएम रघुवर ने दुमका के मसानजोर स्थित नवनिर्मित टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया।
दुमका, जेएनएन। मसानजोर प्रकृति के बेहद करीब है। इसकी सुंदरता गजब की है। वैसे भी झारखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। इस संभावना को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से ही आज टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन हुआ, ताकि राज्य व देश ल अन्य हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही। सीएम मंगलवार को दुमका के मसानजोर स्थित नवनिर्मित टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। रघुवर दास ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देना हम सब की जिम्मेवारी है कि कैसे राज्य के पर्यटन को विश्व पटल पर अंकित किया जाए। 11 दिसंबर को कैबिनेट की बैठक मसानजोर में भी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट की बैठक मसानजोर स्थित टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में करने की योजना है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पैसे की कमी नहीं है। बस दृष्टिकोण सही होना चाहिए। टेबल टेनिस और कैरम बोर्ड में किया स्ट्राइक, बोटिंग के उठाया लुफ्त उद्घटान समारोह में मुख्यमंत्री ने कॉम्प्लेक्स में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए रखे गए टेबल टेनिस, स्नूकर और कैरम बोर्ड पर स्ट्राइक किया। उन्होंने कहा ये सभी खेल अभ्यास के हैं साथ ही यह मनोरंजन का साधन भी है। टेबल टेनिस में मुख्यमंत्री का साथ दुमका उपायुक्त मुकेश कुमार ने दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने मसानजोर डैम में बोटिंग का भी लुफ्त उठाया।
दुमका के रानीश्वर के बांसबोना में जन चौपाल में सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड अब देश के टॉप टेन राज्यों की सूची में शुमार हो चुका है। बीते 14 साल में राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हो सका लेकिन चार साल में हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। जन चौपाल का उद्देश्य जनता से सीधा संवाद और सरकार और जनता के बीच की दूरियों को खत्म करना है। कहा असली झारखंड गांव में है इसलिए गांव को समृद्ध बनाना प्राथमिकता है। किसान अब जैविक खेती करें। वैल्यू एडेड खेती समय की मांग है। फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
वैज्ञानिक खेती को सरकार बढ़ावा देगी। हर जिले में जैविक उत्पाद केंद्र की स्थापना होगी। ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों के आय को 2022 तक दोगुना करने का लक्ष्य तय है। ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पशुपालन को बढ़ावा दिया जाएगा। सखी मंडल की महिलाएं निजी डेयरी फार्म बनाएं। इसके लिए 50 फीसद अनुदान सरकार देगी।