विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइया की मौत का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई; MLA समेत नौ पर FIR

Published: Thu, 17 Sep 2026 06:00 PM (IST)

दुमका में भाजपा विधायक के रसोइया सोनू कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें मौत का कारण फांसी बताया गया है।

विधायक के रसोइया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट।(प्रतीकात्मक फोटो)

विधायक के रसोइया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट।(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. रसोइया सोनू कुमार का शव नोनीहाट में लटका मिला था।

  2. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया।

  3. पुलिस आत्महत्या या हत्या की दिशा में जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, दुमका। हंसडीहा थाना की पुलिस ने 24 अगस्त की शाम जरमुंडी से भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइया साेनू कुमार का नोनीहाट के डाक बंगला परिसर के एक कमरे से लटका हुआ शव बरामद किया था। मृतक के चाचा के बयान पर हंसडीहा थाना की पुलिस ने विधायक समेत नौ लोगों पर हत्या कर शव को लटका देने का मामला दर्ज किया था।

पुलिस मौत को संदिग्ध मानकर जांच कर रही थी। इधर मंगलवार को मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। इससे यह तो साफ हो गया है कि सोनू की लटकने से मौत हुई है।

उसने जान दी या फिर किसी ने जीवित फंदे पर लटका दिया है। पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया गया है कि मृतक के माथे पर चोट का हल्का निशान है। जबकि शरीर पर मारपीट का कोई भी निशान नहीं मिला है।

अब बिसरा पर टिकी निगाह

पोस्टमार्टम के समय डाक्टर ने मृतक का बिसरा सुरक्षित रख दिया था। इसके अलावा मृतक के हाथों के नाखूनों को भी रखा गया है। जल्द ही बिसरा और नाखून जांच के लिए रांची भेजा जाएगा।

 

पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस मृतक के स्वजन के द्वारा उसकी हत्या किए जाने के आरोपों पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। शीघ्र ही सच्चाई सबके सामने होगी।

-

अजीत कुमार थाना प्रभारी, हंसडीहा थाना