बासुकीनाथ श्रावणी मेला में एयरगन का ट्रायल पड़ा भारी, गोली लगने से नालंदा का कांवरिया घायल; पटना रेफर
दुमका के बासुकीनाथ श्रावणी मेला में एयरगन के ट्रायल के दौरान गोली लगने से नालंदा के कांवरिया पवनजीत पासवान घायल हो गए।

मेले में ट्रायल के दाैरान एयरगन से चली गोली। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बासुकीनाथ मेला में एयरगन ट्रायल में कांवरिया घायल।
नालंदा निवासी पवनजीत पासवान के गर्दन में लगी गोली।
दुकानदार हिरासत में, घायल को पटना भेजा गया।
संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका)। झारखंड के दुमका जिले में बासुकीनाथ श्रावणी मेला में एयरगन (चिड़ीमार राइफल) खरीदने के दौरान ट्रायल में चली गोली से एक कांवरिया घायल हो गया। घायल की पहचान बिहार के नालंदा जिले के निवासी पवनजीत पासवान के रूप में हुई है। घायल को उसके साथी बेहतर इलाज के लिए पटना लेकर चले गए।
पवनजीत के साथी बृजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को पूजा अर्चना करने के पश्चात बासुकीनाथ नागनाथ चौक में तलवार एवं नकली बंदूक (एयरगन) की दुकान में एयर गन देख रहे थे। एयरगन में पहले से धातु की गोली डाली हुई थी।
इस बात से दुकानदार अनजान था। दुकानदार करण मंडल के छोटे भाई ने ट्रिगर दबाया तो फायर हो गया। गोली पवनजीत पासवान के गर्दन में जा अटकी। जिससे पवनजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दुकान में खलबली मच गई।
आनन फानन में घायल कांवरिया को उसके साथी पुलिसकर्मियों की मदद से जरमुंडी सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसकी प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां पर गोली नहीं निकल पाने की वजह से साथी उसे बेहतर चिकित्सा के लिए पटना ले गए हैं। ब्रजेश पासवान ने बताया कि चिकित्सक ने आश्वस्त किया है कि आपरेशन के बाद गले में अटकी गोली निकाल दी जाएगी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरगन बेच रहे दुकानदार करण मंडल को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि घटना को देखते हुए मेला क्षेत्र में इस तरह के सभी दुकानों को बंद कराने का निर्देश दिया गया है। एयरगन को भी जब्त कर लिया गया है।
