पिकनिक मनाने के बाद मौत को गले लगाया
पिकनिक मनाकर घर लौटे आयुष ने फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया, आयुष की मौत से हर कोई स्तब्ध है।
दुमका, जेएनएन। पूरे घर में नए साल के जश्न का माहौल था। हर कोई अपने ढंग से नए वर्ष का स्वागत कर रहा था।18 साल का बेटा भी पिकनिक मनाने के लिए घर गया था। लौटा तो सभी के चेहरे पर खुशी थी। परिजन को इस बात का अहसास नहीं था कि चंद मिनट में जश्न मातम में बदलने वाला है।
मंगलवार की शाम युवक ने खुद को कमरे में बंद किया और रस्सी के सहारे मौत को गले लगा लिया। मौत के बाद घर का हर कोई स्तब्ध था। खुशी का सारा माहौल गम में बदल गया। मंत्री लुईस मरांडी भी दुख की इस घड़ी में परिजन से मिली और उन्हें ढांढ़स बंधाया। नए साल के आगमन से एक दिन पहले रसिकपुर के सुभाष नगर का रहनेवाला 18 वर्षीय आयुष कुमार बहुत उत्साहित था। अगले दिन पिकनिक मनाने के लिए उसने सारी तैयारी कर रखी थी। मंगलवार की सुबह इंटर में पढ़नेवाला आयुष मुहल्ले के कुछ दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए निकल गया। करीब चार बजे वह पिकनिक मनाने के बाद घर लौटा और खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिजन भी यह सोचकर कुछ नहीं बोले थक गया होगा, आराम करने गया है।
कुछ देर के बाद परिजनों ने उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से न तो दरवाजा खुला और नहीं कोई जबाव आया। खिड़की से देखा तो आयुष रस्सी के सहारे लटक रहा था। परिजन व दोस्तों की मदद से उसे उतारकर सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की माने तो आयुष पढ़ने में तेज था। सुबह खुश होकर घर से निकला था। ऐसा क्या हो गया कि उसने ऐसा कदम उठाया। परिजन भी मौत का कारण जानने को उत्सुक थे। सूचना मिलने पर नगर थाना के एएसआइ ओम प्रकाश सिंह अस्पताल पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। उनका कहना है कि परिजन भी मौत का कारण नहीं बता पा रहे हैं। उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि उसने क्यों जान दी। यूडी केस दर्ज किया गया है। मौत की खबर मिलते ही मंत्री लुईस मरांडी अस्पताल पहुंची और शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजन को भी ढांढ़स बंधाया। मंत्री के कहने पर शाम को ही शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजन को सुपुर्द कर दिया गया।