जिला परिषद की 53 फाइलें गायब, हड़कंप
धनबाद : जिला परिषद की विकास योजनाओं से संबंधित एक या दो नहीं, बल्कि 53 फाइलें गायब हैं।
धनबाद : धनबाद जिला परिषद की विकास योजनाओं से संबंधित 53 अहम फाइलें गायब हैं। इन फाइलों के नहीं मिलने से पूर्ण बताए जा रहे कार्यो का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसका खुलासा होने से परिषद में हड़कंप मचा हुआ है। अध्यक्ष से लेकर अधिकारी तक परेशान हैं। वहीं इस मामले पर लिपिकों ने भी लिखित रूप में अपना पल्ला झाड़ लिया है। चर्चा है कि बड़ी वित्तीय गड़बड़ी को छुपाने व इसकी आंच संबंधित अधिकारी, ठेकेदार व कर्मचारियों पर न आने देने के लिए फाइलें गायब कर दी गई हैं।
जिला परिषद में बहुत दिनों से विकास कार्य नहीं होने की बात सामने आ रही थी। यह कहा जाता रहा है कि फाइलें उपविकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी के पास रुकी हुई हैं। लंबा अरसा बीतने पर फाइलों की खोजबीन प्रारंभ की गई। जिला परिषद के प्रधान लिपिक सुरेश प्रसाद गुप्ता ने अपने पास किसी भी प्रकार की फाइल नहीं रहने का दावा किया। उनके इस दावे पर अध्यक्ष रोबिन गोराई ने गायब फाइलों की लिखित रिपोर्ट मांगी। तब पता चला कि एक, दो या तीन नहीं बल्कि कुल 55 फाइलें गायब हैं। प्रधान लिपिक गुप्ता ने लिखित रूप में दिया है कि उन्होंने सारी फाइलें कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपी हैं। वहां से ये वापस नहीं आई। गायब फाइलों में पीसीसी पथ निर्माण, चाहरदीवारी, नाली, कनीय अभियंता की बहाली, अखबार का भुगतान, पानी वितरण, छठ घाट, विवाह मंडप आदि से संबंधित फाइलें हैं।
इधर जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद चंद्रजीत सिंह ने कहा कि फाइलों को रखने का अधिकार लिपिक का होता है। उनके कार्यालय में कोई फाइल नहीं है। प्रधान लिपिक ने जो लिखित रूप में दिया है उसकी जांच करा ली जाए। प्रधान लिपिक ने फाइल दी है, तो उसकी पावती भी उनके पास होनी चाहिए।
--
फाइलों का खोना आश्चर्य की बात है। कर्मचारी और अधिकारी एक दूसरे पर फाइल रखने का आरोप लगा रहे हैं। सच्चाई समझ के परे है। इस मामले की जांच मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी से करायी जाएगी।
- रोबिन गोराई, अध्यक्ष जिला परिषद धनबाद -------
गायब हुई फाइलें :
- कतरास बाजार में मेटरनिटी सेंटर का मरम्मती कार्य एवं चाहरदीवारी निर्माण।
- अरलगड़िया बस्ती से शहरपुरा सड़क निर्माण।
- निरीक्षण भवन में फूड स्टॉल निर्माण।
- तेलमच्चो अंतर्गत हिरन महतो के घर से पुरानाबांध तक पीसीसी निर्माण।
- जगदीश गांव के हरलाडीह टोला में पीसीसी निर्माण।
- सुबोध गोप के घर से जगदीश रवानी के घर तक पीसीसी निर्माण।
- मनियाडीह महुआटांड में पीसीसी पथ निर्माण।
- टुंडी के करैया नीचे टोला में पीसीसी निर्माण।
- छोटा पिछड़ी में पीसीसी निर्माण।
- जिला परिषद में कनीय अभियंता के पद पर बहाली संबंधी संचिका।
- मेहताडीह जोरिया में छठ घाट निर्माण।
- अखबार का भुगतान संबंधी विपत्र।
- शिवलीबाड़ी दक्षिण में नाली निर्माण।
- कदैया हरी मंदिर के आगे पीसीसी निर्माण।
- तोपचांची ब्राह्मणडीहा स्थित औषधालय में विवाह मंडप निर्माण।
- तोपचांची ठांगी में डीप बो¨रग।
- कर्मचारी उमेंद्र मांझी की निजी संचिका।
- सोनरियाटांड विवाह मंडप की चाहरदीवारी निर्माण।
- अध्यक्ष रोबिन चंद्र गोराई, सदस्य सुभाष राय, संतोष कुमार महतो, अंजना देवी, धनश्याम ग्रोवर, चंचला देवी, दिन मोहम्मद, प्रियंका पाल के क्षेत्र में टैंकर से जलापूर्ति से संबंधित संचिका।
- टुंडी में सुनील साव के घर के पास पीसीसी निर्माण।
- पुटकी-सिजुआ रोड़ से पंजाबी मोड़ तक पीसीसी निर्माण।
- स्टॉल नंबर एक, पांच, 10, 26, 27, 29, 30, 31, 33, 34, 35, 36, 37, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 45 और 46 की संचिका।