जमुनिया नदी में दो युवकों ने लगाई डुबकी, एक की माैत, दूसरा बच निकला Dhanbad News
चैता पंचायत के कोचगोड़ा रेलवे पुल के समीप नदी में पिंटू मंडल और विद्याधर मंडल स्नान कर रहे थे। स्नान के दाैरान दोनों नदी की गहराई की तरफ बढ़ गए।
गोमो बाजार, जेएनएन। कोचगोड़ा रेलवे पुल के समीप जमुनिया नदी में स्नान कर रहे दो युवक रविवार सुबह डूब गए। एक युवक पानी के बीच से बच निकला लेकिन दूसरे की माैत हो गई। गोताखोरों की मदद से 17 वर्षीय विद्याधर मंडल का शव नदी से बाहर निकाला गया।
चैता पंचायत के कोचगोड़ा रेलवे पुल के समीप नदी में पिंटू मंडल और विद्याधर मंडल स्नान कर रहे थे। स्नान के दाैरान दोनों नदी की गहराई की तरफ बढ़ गए। पानी ज्यादा होने के कारण दोनों डूबने लगे। पिंटू तो किसी तरह बाहर बच निकला। लेकिन, विद्याधर डूब गया। पिंटू की सूचना पर लोग जुट गए। हरिहरपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर नदी में उतरे। एक घंटे की तलाशी के बाद शव को बाहर निकाला। विद्याधर मंडल चैता गांव निवासी युगल मंडल का पुत्र है।
करीब तीन घंटे बाद नदी से शव को निकाला गया। शव निकाले जाने के बाद परिजनों को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि विद्याधर की माैत हो चुकी है। वह मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद इलाज के लिए शव को लेकर बस तोपचांची स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।