यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जख्मी सुमित की इलाज के दौरान मौत, हत्या की प्राथमिकी
जामाडोबा भागा रेलवे फाटक शालीमार के निकट रहने वाले दिनेश पासी के नाबालिग पुत्र सुमित

जामाडोबा : भागा रेलवे फाटक शालीमार के निकट रहने वाले दिनेश पासी के नाबालिग पुत्र सुमित पासी को बुधवार की शाम बरारी आउटसोर्सिंग मार्ग के पास चाकू मार दिया गया था। इलाज के दौरान सुमित की मौत पीएमसीएच में देर रात को हो गई। सुमित स्वतंत्र भारत विद्यालय में नौवीं का छात्र था। पुत्र की मौत के बाद जोड़ापोखर थाना में गुरुवार को मां गुड़िया भारती के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। मां ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। गुड़िया ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम चार बजे बरारी मोड़ निवासी कोल कर्मी संतोष पासी उर्फ भगत का पुत्र अरुण कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र को घर से बुलाकर ले गया। इसके बाद बरारी आउटसोर्सिंग सुनसान मार्ग पर गुड्डू, उसके पिता संतोष, जीजा बॉबी सिंह, सागर पासी ने एकमत होकर मेरे पुत्र की हत्या करने के लिए चाकू मार दिया। इसके बाद सभी आरोपित कार से सिदरी-बलियापुर के रास्ते बंगाल भाग गए। मामला दर्ज होने के बाद जोड़ापोखर थाना पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। मृतक के पिता दिनेश का कहना है कि हमारा परिवार व्यवसाय में आगे बढ़ रहा था। प्रतिद्वंदिता के कारण ही मेरे पुत्र की हत्या कर दी गई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिवार को सौंप दिया। शव के पहुंचते ही घर में मातम छा गया है। मृतक की मां गुड़िया, पिता दिनेश, बहन सोनी, बड़ा भाई रोशन कुमार रो रोकर बेहाल है।
..
सुमित पासी हत्या प्रकरण में कई लोगों को थाना में लाकर पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द घटना का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- एनके सिंह, जोड़ापोखर थाना प्रभारी।
