Mahatma Gandhi Jayanti: जयंती नजदीक आई तो निगम को याद आए गांधी जी, फिर शुरू हुआ चौक का सौंदर्यीकरण
Mahatma Gandhi Jayanti गांधी जयंती नजदीक आते ही धनबाद नगर निगम को गांधी जी की याद आ गई। गुरुवार को निगम ने यहां सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया। फिलहाल मिट्टी की कटाई जारी है।
धनबाद, जेएनएन। Mahatma Gandhi Jayanti गांधी जयंती नजदीक है, इसलिए नगर निगम को गांधी जी की याद आ गई। लगभग छह माह से जगह-जगह खोद दिए गए गांधी चौक (सिटी सेंटर चौक) के सौंदर्यीकरण का काम एक बार फिर से शुरू हो चुका है। गुरुवार को नगर निगम ने यहां काम शुरू कर दिया। फिलहाल मिट्टी की कटाई और भराई जारी है।
दरअसल, महानगरों की तर्ज पर शहर के 15 चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजना पिछले वर्ष ही बनी थी। इस पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान भी किया गया। इसके तहत शहर के गांधी चौक (सिटी सेंटर), आजाद चौक (बेकारबांध), इंदिरा चौक (झरिया) व कतरास मोड़ चौक का शिलान्यास भी कर दिया गया था। गांधी चौक पर तो काम भी शुरू कर दिया गया, इसी बीच आचार संहिता लग गई और निगम बोर्ड का कार्यकाल भी खत्म हो गया। चौक के चारों ओर हरियाली व एलइडी लाइटें लगाई जानी हैं।
इन चौक-चौराहों का होना था सौंदर्यीकरण : गांधी चौक (सिटी सेंटर), राजू यादव चौक, रणधीर वर्मा चौक, संत निरंकारी चौक (बरवाअड्डा), डॉ आंबेडकर चौक, बिरसा मुंडा चौक ( बैंक मोड़), चंद्रशेखर आजाद (बेकारबांध), इंदिरा चौक (झरिया) व कतरास मोड़ चौक।